बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. अमीषा और उनके दोस्त कुणाल घूमर ने रांची के फिल्म मेकर अजय को तीन करोड़ का चेक दिया था जो बाउंस हो गया था. अब इसी मामले में रांची की निचली अदालत ने अमीषा पटेल और उनके दोस्त के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया है.
रांची कोर्ट ने वारंट क बार-बारदोनों को अदालत में हाजिर होने के समन की उपेक्षा करने और कोर्ट में हाजिर नहीं होने के चलते चार अक्टूबर को जारी किया था. जानकारी के मुताबिक तकनीकी कारण से रांची पुलिस को यह वारंट नौ अक्टूबर को मिला. संभावना जताई जा रही है कि रांची पुलिस इस मामले में अमीषा और उनके दोस्त कुणाल को गिरफ्तार कर सकती है.
अमीषा और कुणाल ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘देसी मैजिक’ को पूरा करने के लिए अजय से 2.5 करोड़ रुपए लिए थे. अमीषा फिल्म में अभिनय के साथ इसे प्रोड्यूसर भी कर रही हैं. ये फिल्म साल 2013 में बनना शुरू हुई थी. उस वक्त अमीषा ने अजय से कहा था कि फिल्म रिलीज होते ही वो उन्हें ब्याज के साथ पैसे वापस लौटा देंगी.
अजय ने लंबे समय तक इंतजार किया लेकिन फिल्म रिलीज नहीं हुई. जब अजय ने अमीषा से पैसों के बारे में पूछा तो उन्होंने तीन करोड़ रुपए का चेक दिया. अजय ने यह चेक बैंक में लगाया तो वो बाउंस हो गया. अजय ने दोबारा अमीषा से बात की. इस पर अमीषा ने कहा कि हमारा आपको पैसे वापस ना करने का कोई इरादा नहीं है. फिल्म रिलीज होते ही पैसे वापस कर देंगे.
इसके बाद अजय ने कानून की मदद लेने का फैसला किया और उनके खिलाफ रांची की अदालत में केस फाइल किया. अमीषा की इस फिल्म में जायद खान, रणधीर कपूर, साहिल श्रॉफ और रवि किशन काम करने वाले थे. आपको बता दें, इससे पहले भी अमीषा पर धोखाधड़ी का आरोप लग चुका है. एक इवेंट कंपनी का आरोप था कि अमीषा पटेल ने पैसे ले लिए लेकिन शादी में डांस करने के लिए शामिल नहीं हुईं.

