दिल्ली: किसान आंदोलन पर सियासत गरमाती जा रही है. किसानों ने मंगलवार को कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद का आह्वान किया है. केंद्र सरकार के इन तीन कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी कई बार सोशल मीडिया के जरिए अपना विरोध दर्ज करा चुके हैं. सोमवार को उन्होंने कृषि कानूनों को ‘अदानी-अंबानी कृषि कानून’ करार दिया.
राहुल ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘अदानी-अंबानी कृषि कानून’ रद्द करने होंगे. और कुछ भी मंजूर नहीं! किसानों के भारत बंद को संपूर्ण विपक्ष का समर्थन मिल रहा है. कोई खुद किसानों से मिलने सिंधु बॉर्डर पहुंच रहा है तो कोई सोशल मीडिया के जरिए अपना समर्थन व्यक्त कर रहा है.
विपक्षी दलों समेत कई क्षेत्रीय संगठनों ने केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों के ‘भारत बंद’ के आह्वान को अपना समर्थन दिया. इन कानूनों को निरस्त किए जाने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन पिछले 12 दिन से जारी है.

