नयी दिल्ली: ‘इंडियन आइडल 12’ के होस्ट और सिंगर आदित्य नारायण आज अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड श्वेता अग्रवाल के साथ परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं. आदित्य और श्वेता ने एकदम सिंपल तरीके से शादी करने का फैसला किया है. दोनों की शादी आज एक मंदिर में होगी, जिसमें केवल 50 लोग ही शामिल होंगे. महाराष्ट्र सरकार की गाइडलाइन्स और पैनडेमिक को देखते हुए आदित्य अपनी शादी बहुत शाही तरीके से नहीं कर रहे हैं. हालांकि कल यानी 2 दिसंबर को मुंबई में ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी दी जाएगी. जिसमें कई नामी फिल्मी सितारों के आने की उम्मीद की जा रही है.
शादी से पहले शेयर की ये रोमांटिक फोटो:
आदित्य ने अपनी शादी से ठीक एक दिन पहले श्वेता के साथ एक रोमांटिक फोटो शेयर की है. इस फोटो में दोनों एक दूसरे को बड़े प्यार से गले लगाते नजर आ रहे हैं. श्वेता और आदित्य की ये फोटो उनकी तिलक सेरेमनी के दौरान की मालूम पड़ती है, क्योंकि दोनों फोटो में जो आउटफिट पहने नजर आ रहे हैं. वो उन्होंने अपनी तिलक सेरेमनी में पहना था. आदित्य की इस फोटो पर उनकी दोस्त और फेमस बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ ने भी कमेंट किया है. नेहा ने दोनों की फोटो पर कमेंट करते हुए लिखा है, ‘खूबसूरत’.
28 नवंबर को हुई तिलक सेरेमनी:
28 नंवबर को श्वेता और आदित्य की तिलक सेरेमनी हुई थी, जिसके वीडियोज और फोटोज सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए. तिलक सेरेमनी के जो वीडियो सामने आए उसमें श्वेता और आदित्य स्टेज पर बैठे दिख रहे हैं. इस दौरान आदित्य के पिता और बॉलीवुड सिंगर उदित नारायण और उनकी पत्नी दीपा नारायण झा भी स्टेज पर मौजूद थे.

