रांची: पिछले दिनों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा ट्वीट पर दिये निर्देश के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया. प्रशासन की टीम शुक्रवार को वृद्ध दंपति मोहन सिंह और कमला देवी के घर पहुंचा. अधिकारियों ने दंपति से पूछताछ की और मौके पर महिला के बैंक पासबुक को भी अपडेट कराया गया तो पाया कि महिला कमला देवी को वृद्धा पेंशन मिल रहा है. बैंक पासबुक के खाते से यह भी पता चला कि कमला देवी को दिसंबर 2018 से वृद्धा पेंशन मिल रहा है. जबकि आधार कार्ड नहीं होने की वजह से मोहन सिंह को वृद्धा पेंशन के अलावा अन्यद लाभ नहीं मिल रहा है.
दो दिन में बनेगा राशन कार्ड: मीना
विशिष्टि अनुभाजन पदाधिकारी मीना कुमारी ने जांच के क्रम में पाया कि बुजुर्ग महिला के पास सफेद राशन कार्ड है. अधिकारियों ने जब बुजुर्ग दंपति से आधार कार्ड व बैंक पासबुक मांगा तो कमला देवी ने अपना आधार कार्ड व बैंक पासबुक दिया. वहीं, मोहन सिंह के आधार इनरॅालमेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई. आधार बन जाने पर मोहन सिंह को राशन कार्ड सिस्टम में सीड कर दिया जाएगा. सहायक निर्देशक सामाजिक सुरक्षा शत्रुजंय कुमार ने कहा आधार कार्ड बनते ही मोहन सिंह के वृद्धा पेंशन दिए जाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी.
20 किग्रा दिया गया अनाज
आकस्मिक खाद्यान्नि योजना के तहत बुजुर्ग दंपती को 20 किग्रा अनाज दिया गया. विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मीना कुमारी ने डीलर को तत्काल निर्देश दिया और कहा कि दंपति को अनाज मुहैया कराए.

