रांची: कोविड-19 के संक्रमण के रोकथाम के लिए जारी लॉकडाउन के दौरान रांची जिले के विभिन्न पंचायतों में आने और जानेवालों का डायनेमिक डाटाबेस रांची जिला प्रशासन तैयार करेगा.
इसे लेकर आज रांची समाहरणालय ब्लॉक ए स्थित कमरा संख्या 207 में बैठक आयोजित की गई. उप विकास आयुक्त, रांची अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, बुंडू, निदेशक डीआरडीए, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला सूचना पदाधिकारी, रांची, परियोजना पदाधिकारी मनरेगा एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
बैठक में उप विकास आयुक्त रांची अनन्य मित्तल ने बताया कि लॉकडाउन जारी होने के बाद 30 अप्रैल 2020 से जिले के विभिन्न पंचायतों में कौन आया और कौन गया, इसकी जानकारी पंचायत प्रखंड और जिला स्तर पर बनी कमेटी को होनी चाहिए. इसे लेकर डायनेमिक डेटाबेस तैयार किया जाना है.
उन्होंने बताया कि यह डाटा संबंधित बीडीओ, सीओ और एमओआईसी के साथ शेयर होगा ताकि यह पता चल सके कि पंचायत में आने और जाने वालों की मेडिकल स्क्रीनिंग हुई है या नहीं, वह किस माध्यम से आए, उनका सैंपल कलेक्शन हुआ है या नहीं.
उन्होंने बताया कि पूरे देश में 24 जिले ऐसे हैं जो रेड जोन में हैं. वहां से आने वाले किसी भी व्यक्ति का सैंपल कलेक्शन किया जाना है. डाटा के माध्यम से यह पता चल पाएगा कि रेड जोन से आने वाले को पंचायत में क्वारंटाइन किया गया या नहीं, उसका सैंपल कलेक्शन हुआ या नहीं, रिजल्ट क्या आया और आगे की प्रक्रिया पूरी की गई या नहीं.
मित्तल ने रेड जोन के अलावा ऑरेंज और ग्रीन जोन से आने वालों के बारे में भी डेटाबेस के माध्यम से जानकारी विभिन्न स्तर पर बनी समितियों के साथ शेयर करने की बात कही. जो लोग ऑरेंज एवं ग्रीन जोन से आ रहे है, उनका मेडिकल चेक-अप कराकर उन्हें होम क्वारंटाइन किया जाएगा .
बैठक में लॉकडाउन के दौरान प्रवासियों के मूवमेंट को लेकर भी संबंधित पदाधिकारियों को उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया.

