रवि भारती
रांचीः झारखंड की ब्यूरोक्रेसी में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर 63 दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य सचिव रैंक के अफसर एल खियांग्यते की पोस्टिंग अब तक नहीं हो पाई है. 12 जुलाई को एल खियांग्यते को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से बदल कर कार्मिक में योगदान देने का आदेश कार्मिक विभाग ने जारी किया था. उनकी जगह पर शैलेश कुमार सिंह को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बनाने का आदेश जारी किया गया. फिर 25 जुलाई को शैलेश कुमार सिंह को भी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के पद से हटा दिया गया. इसके बाद एक अगस्त को भारत निर्वाचन आयोग ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के लिए विनय कुमार चौबे के नाम पर मुहर लगाई. दो अगस्त को राज्य के कार्मिक विभाग ने विनय कुमार चौबे को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित करने का आदेश जारी कर दिया.
20 सितंबर तक छुट्टी में हैं एल खियांग्यते
इधर एल खियांग्यते लंबी छुट्टी पर चले गए हैं. वे 20 सितंबर तक छुट्टी पर हैं. सूत्रों के अनुसार छुट्टी से आने के बाद उनकी पोस्टिंग कर दी जाएगी. वहीं सीएस रैंक के अफसर बीके त्रिपाठी 31 अगस्त को रिटायर हो गए. 1983 बैच के त्रिपाठी एटीआइ के डीजी के पद पर पदस्थापित थे. जानकारी के अनुसार एल खियांग्यते को एटीआई डीजी के पद की जिम्मेवारी सौंपी जा सकती है.
156 IAS में से 26 अफसर हैं मेन स्ट्रीम में
झारखंड में IAS कैडर के 205 पद स्वीकृत हैं. इसमें 156 IAS ही कार्यरत हैं. ऐसे में IAS के 56 पद रिक्त हैं. 156 कार्यरत अफसरों में 26 IAS ही मेन स्ट्रीम में हैं. यानि इन्हीं अफसरों के पास महत्वपर्ण विभागों की जिम्मेवारी है. इन IAS अफसरों में मुख्य सचिव डीके तिवारी सहित इंदू शेखर चतुर्वेदी, सुखदेव सिंह, अरूण सिंह, केके खंडेलवाल, शैलेश कुमार सिंह, एपी सिंह, अविनाश कुमार, राजीव अरूण एक्का, अजय कुमार सिंह, सत्येंद्र सिंह, डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, वंदन दादेल, सुनील वर्णवाल, हिमानी पांडेय, अराधना पटनायक, राहुल शर्मा, केके सोन, राहुल पुरवार, सुनील कुमार, पूजा सिंघल, अमिताभ कौशल, अबुबकर सिद्दिख पी, प्रवीण टोप्पो, प्रशांत कुमार और के रवि कुमार शामिल हैं.

