मुम्बई: एक लंबे इंतजार के बाद आने वाले शुक्रवार से सिनेमाघरों में रौनक लौटने वाली है,जिसे लेकर सिनेमाघरों की सफाई शुरू हो चुकी है. सैनिटाइजर के स्टैंड लगाए जा रहे हैं. टिकट बुकिंग से लेकर ऑनलाइन खाने पीने की बुकिंग तक की सुविधाएं मिलने के इंतजाम हो रहे हैं. जो सीटें खाली रहेंगी, उन पर स्टिकर लगाए जा रहे हैं. लेकिन, सबसे बड़ा सवाल ये है कि 15 अक्टूबर को आपको कौन सी फिल्में देखने को मिल सकेंगी और इनकी एडवांस बुकिंग कब से शुरू होगी.
आने वाले शुक्रवार को जो फिल्में रिलीज की कतार में लगी हैं, उनमें दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा’ रिलीज करने की सबसे ज्यादा मांग बिहार और बंगाल वितरण क्षेत्र से आ रही है. हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई मुंबई वितरण क्षेत्र (महाराष्ट्र और गुजरात राज्य) और उसके बाद दिल्ली यूपी वितरण क्षेत्र (उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड मिलाकर) व ईस्ट पंजाब वितरण क्षेत्र (पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ व जम्मू मिलाकर) से होती है. राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड जैसे राज्यो में हिंदी फिल्मों का कारोबार पहले के के दोनों वितरण क्षेत्रों के मुकाबले काफी कम होता है. इनकी कुल हिस्सेदारी पर अकेले दिल्ली यूपी की हिस्सेदारी भारी पड़ती है.
गुजरात और उत्तर प्रदेश से मांग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ की आ रही है. इसके निर्माताओं ने इस फिल्म को एक बार फिर से सिनेमाघरों में उतारने की तैयारी भी कर ली है. उमंग कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवन यात्रा को शुरुआत से लेकर वर्ष 2014 में देश के प्रधानमंत्री बनने तक दिखाया गया है.
युवाओं में सबसे ज्यादा बेचैनी क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘टेनेट’ को लेकर है और ज्यादातर युवा इस फिल्म के लिए अभी से नजरें जमाए बैठे हैं. ”टेनेट’ की एडवांस बुकिंग में सबसे अच्छी खुलने के आसार बनते दिख रहे हैं. नोलन की ये फिल्म टाइम ट्रैवल यानी एक युग से दूसरे युग में जाने की कहानी है और इसकी कुछ शूटिंग भारत में भी हुई है. चर्चित अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया ने इस फिल्म में एक खास भूमिका निभाई है.
इस बीच तमाम हिंदी फिल्में ओटीटी पर रिलीज हो चुकी हैं और कुछ की ओटीटी पर रिलीज होने के लिए तारीखें भी घोषित भी हो गई हैं. चर्चा ये भी है कि आने वाले दिनों में ओटीटी पर रिलीज होने जा रही फिल्में उसी दिन सिनेमाघरों में भी उतर सकती हैं. लेकिन जो फिल्में सिर्फ सिनेमाघरों में ही रिलीज होंगी और जो हालात सामान्य होने का इंतजार कर रही हैं, उन फिल्मों में अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ और रणवीर सिंह की फिल्म ’83’ मुख्य है.

