रांची: भाजपा जिस महिला को लेकर हेमन्त सोरेन पर निशाना साध रही थी, उसी ने इन्हें कटघरे में खड़ा कर दिया है. उस युवती ने पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी और निशिकांत दुबे सहित चार लोगों पर अपने बारे में गलत ट्वीट करने का आरोप लगाया है.
महिला ने वीडियो ट्वीट करते हुए कहा कि अगर उसे कुछ हुआ, तो इसके लिए जहूर आलम, बाबूलाल मरांडी, निशिकांत दुबे और सुनील तिवारी जिम्मेदार होंगे. इसको लेकर अब झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है.
झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का चाल चरित्र और चेहरा आज आम जनों के सामने बेनकाब हो गया है. भारतीय जनता पार्टी के स्वघोषित विधायक दल के नेता एवं राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी एवं गोड्डा संसदीय क्षेत्र के जनप्रतिनिधि निशिकांत दुबे का वास्तविक चेहरा एवं चरित्र आज उजागर हुआ.
उन्होंने कहा कि राजनैतिक स्वार्थ के लिए एवं व्यक्तिगत ईर्ष्या से राजनीति करने वाले दोनों व्यक्ति चरित्र हनन के जिस स्तर पर उतर आए थे. आज सब को उनका व्यक्तिगत चरित्र जाने का मौका मिला. ऊर्जावान एवं यशस्वी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रथम वर्ष के कार्यकाल में ही उक्त दोनों नेताओं ने किस कदर हताशा एवं मानसिक पराजय का निर्माण हुआ. इसकी पुष्टि उनके द्वारा सोरेन पर लगाया गया अनर्गल आरोप एवं चरित्र हनन का षड्यंत्र है.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संसदीय दल नेता एवं प्रधानमंत्री तथा देश के गृह मंत्री को आज अपने सहयोगियों के चरित्र का आकलन करना चाहिए. एक युवती को डराना, धमकाना, बरगलाना एवं प्रलोभन देकर उसकी इज्जत और आबरू से खेलना जघन्य अपराध है एवं समाज में कभी भी क्षम्य नहीं है.
बेटी पढ़ाओ – बेटी बढ़ाओ का नारा दर असल बेटियों को गलत निगाह से देखने के बराबर है. बाबूलाल को ये याद रखना चाहिए कि झामुमो ने कभी भी उनके चरित्र हनन या वास्तविक चरित्र का कभी भी सार्वजनिक तौर पर आलोचना नहीं की है.
उन्होंने कहा कि हम भाजपा के नीतिगत विरोधी हैं एवं राजनीतिक प्रतिद्वंदी हैं हम लोग समाज में समर सत्ता सुरक्षा एवं सम्मान की रक्षा की राजनीति करते हैं. व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए एवं राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए कभी भी तरह ना बात करते हैं और ना ही षड्यंत्र करते हैं. मैं केंद्र एवं राज्य सरकार से यह आग्रह करता हूं कि समाज में इस प्रकार के दुष्प्रचार करने वाले जनप्रतिनिधियों तथा व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें समाज के सामने लाएं एवं कानून सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें.
महिलाओं के प्रति भारतीय जनता पार्टी के पार्टी का शुरू से ही चेहरा लोगों के सामने हैं. चाहे वह उत्तर प्रदेश की घटना घटनाएं हो या मध्य प्रदेश की घटनाएं हो या फिर बिहार की घटनाएं हो. हर दुष्कर्म के पीछे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का अग्रिम प्रतिनिधित्व रहा है. भारतीय जनता पार्टी हेमंत सरकार को कार्य क्षमता एवं सरकार की कार्यक्षमता पर सकारात्मक बहस करें ना कि नकारात्मक एवं निकृष्ट राजनीति और षडयंत्र का सहारा लें.

