आगरा: आगरा में अपनी जान हथेली पर रखकर मौत के मुंह में फंसे लोगों को बचाने वाले निहाल सिंह को जीवन रक्षा पदक मिलेगा. आठ जुलाई 2019 को लखनऊ की अवध डिपो की जनरथ बस एत्मादपुर क्षेत्र के गांव चौगान बघेल की ठार के पास बस रेलिंग तोड़ते हुए झरना नाले में गिर गई थी. चीख पुकार सुनकर निहाल सिंह मौके पर पहुंच गए थे. उन्होंने पानी में कूद कर बस में फंसे 20 यात्रियों को बाहर निकाला था.
झरना नाला बस हादसे में 29 लोगों की मौके पर ही मौत हुई थी. एक घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था. बुधवार को निहाल सिंह के पास भारत सरकार के गृह सचिव अजय भल्ला का पत्र पहुंचा, जिसमें लिखा था, राष्ट्रपति द्वारा उन्हें जीवन रक्षा पदक दिया जाएगा, जिसे यूपी सरकार द्वारा दिया जाएगा.
निहाल सिंह ने बताया कि उसे बेहद खुशी है. बहादुरी के लिए मिलने वाले इस सम्मान के लिए ग्रामीणों ने निहाल को बधाई दी.

