रांची: देवघर जिले में कोरोना संक्रमित मरीज सामने आने के बाद कृषि मंत्री बादल ने जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर बात की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.
कृषिमंत्री ने कहा कि देवघर जिला प्रशासन के द्वारा अभिलंब कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति को कोविड अस्पताल में एडमिट किया जाए. उनका उचित उपचार अभिलंब शुरू किया जाए. बादल ने कहा कि कोरोना पॉजिटिव आए व्यक्ति के गांव को पूरी तरह से कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया जाए और इलाके को सील कर दिया जाए. वहां से बाहर आने जाने की परमिशन किसी को ना दी जाए.
गांव के अंदर ही लोगों के घरों तक राशन सहित मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जाए. एक नंबर वहां दिया जाए जिनसे उस गांव के किसी व्यक्ति को किसी चीज की जरूरत हो तो वह सीधे संपर्क कर सकें. साथ ही उस गांव के लिए अलग से एक कंट्रोल रूम बनाए जाएं. उन्होंने पॉजिटिव व्यक्ति ने जिन जिन जगहों पर इस दौरान भ्रमण किया है या किसी के संपर्क में आए हैं, उन सभी व्यक्तियों को भी आइसोलेट किया जाए. यदि वह किसी दूसरे जिले में गए हैं तो वहां के जिला प्रशासन को अविलंब इस बात की सूचना दी जाए.
वहीं उन्होंने गांव के लोगों से अपील की है कि वह भी जिला प्रशासन का सहयोग करें और खुद-ब-खुद यदि पॉजिटिव आए व्यक्ति के संपर्क में कोई व्यक्ति आए हैं तो इस बात की जानकारी जिला प्रशासन को दें, जिससे जिला प्रशासन को कार्य करने में आसानी हो.

