नई दिल्ली: केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ देश के कई राज्यों के किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है. वहीं सरकार के साथ आज यानी शनिवार को होने वाली पांचवें दौर की बातचीत से पहले किसानों ने अपना रूख और सख्त कर लिया है. इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दावा किया कि केंद्रीय कृषि कानून समाज के सभी वर्गों के खिलाफ हैं और इनके लागू होने से कुछ कंपनियां मनमाने ढंग से अनाज का दाम तय करेंगी.
सुरजेवाला ने शुक्रवार को पार्टी की एक डिजिटल परिचर्चा में कहा, ‘मोदी सरकार के ये काले कानून केवल किसान के खिलाफ नहीं हैं. ये काले कानून इस देश के आम जन-मानस, मध्य वर्ग, निम्न मध्य वर्ग, गरीब, मजदूर सभी वर्गों के खिलाफ हैं.’
उन्होंने सवाल किया, ‘देश में 62 करोड़ किसान हैं. खाद्य सुरक्षा कानून के तहत 82 करोड़ हिंदुस्तानियों को राशन देना अनिवार्य है. कई अन्नपूर्णा योजनाएं और दूसरी योजनाएं हैं. जब किसानों से सीधे सरकार अनाज नहीं खरीदेगी तो फिर राशन दुकानों पर सस्ता अनाज कैसे मिलेगा?’ कांग्रेस नेता ने दावा किया कि आने वाले समय में कुछ बड़े औद्योगिक समूह अनाज के दाम तय करेंगे और लोगों को महंगे दामों में अनाज मिलेगा.

