रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, रामगढ़, चाईबासा, दुमका, साहेबगंज और पाकुड़ में क्लीन एयर एक्शन प्लान
रांचीः झारखंड के आठ शहरों की आबो-हवा अब शुद्ध होगी. इसके लिए क्लीन एयर एक्शन प्लान बनाया जाएगा. इस एक्शन प्लान के जरीए वायु प्रदूषण पर काबू पाया जाएगा. ये बातें शुक्रवार को राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सेंटर फॉर एन्वायरोमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट की ओर से आयोजित कार्यशाला में उभर कर सामने आई.
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष सह पीसीसीएफ प्रियेश वर्मा ने कहा कि इसके लिए कार्य योजना बनाई जा रही है. यह प्लान खास कर रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, रामगढ़, चाईबासा, दुमका, साहेबगंज और पाकुड़ के लिए होगा. सेंटर फॉर एन्वायरोमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट के सीइओ रमापति ने कहा कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 15 से 20 मॉनिटिरिंग डिवाईस लगाई जाएगी. इस एक्शन प्लान को अमलीजामा पहनाने के लिए बड़े पैमाने पर योजना बनाई जा रही है.
झारखंड में अब तक वायु प्रदूषण से होने वाली बीमारियों पर रिसर्च नहीं हो पाया है. ऐसे में इस पर रिसर्च जरूरी है. पीसीसीएफ पीके वर्मा ने कहा कि इन शहरों का चयन विशेष पर्यावरण स्थिति को ध्यान में रखते हुए किया गया है. इन शहरों में प्रदूषण स्तर समेत अन्य पहलुओं पर गहन रिसर्च किया जायेगा. नेशनल ग्रीन एयर प्रोग्राम के तहत देश भर से 122 शहरों का चयन किया गया है.

