रांची: झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने राज्य सरकार के स्कूल खोले जाने के फैसले को देखते हुए कोविड-19 के गाइडलाइन का पालन व सुरक्षा को लेकर संत जेवियर स्कूल के प्रिंसिपल से मिले.
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के आदेश के बाद दसवीं से बारहवीं तक के बच्चों के लिए सोमवार से राजधानी रांची में विद्यालय खोले जाने को लेकर दिए गए आदेश को देखते हुए झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने स्कूलों की तैयारी देखने को लेकर आज संत जेवियर स्कूल के प्रिंसिपल फादर संजय केरकेट्टा से मिले और स्कूल के साफ सफाई, सैनिटाइज और कॉविड-19 के गाइडलाइन व उसके मानक का पालन किए जाने वाले निर्देश से संबंधित मसलों पर बात की और उनसे जानकारी ली.
फादर केरकेट्टा ने कहा कि पूरे स्कूल परिसर को सैनिटाइज करा दिया गया है और हम हर स्तर पर कोविड-19 के गाइडलाइन का पालन करने के लिए तैयार हैं. राज्य सरकार का जो भी दिशा निर्देश स्कूल को प्राप्त होगा, उसका पालन किया जाएगा.
फादर केरकेट्टा ने बताया कि स्कूल ओपन करने से पहले वह सभी अभिभावकों से पहले बात कर सहमति लेंगे, तत्पश्चात स्कूल खुलेगा.
अजय राय ने बताया कि इससे पूर्व वह डीएवी आलोक गए थे और वहां के प्रिंसिपल डॉ. अशोक कुमार से मिलकर पूरे परिसर को देखे और जानकारी प्राप्त की.

