रांची:- आजसू पार्टी केंद्रीय कार्यालय में आजसू पार्टी के सभी जिला प्रभारियों और सभी अनुषंगी ईकाई के प्रदेश अध्यक्ष, महासचिव एवं संयोजक की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सदस्यता अभियान का लक्ष्य, संगठन विस्तार के संदर्भ में विचार विमर्श किया गया. बैठक की अध्यक्षता झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने किया.
बैठक में 22 जून तक पूरे राज्य में 1लाख सक्रिय सदस्य तथा 10 लाख साधारण सदस्य बनाने तथा निर्धारित अवधि तक सभी सहयोगी इकाइयों के पुनर्गठन एवं विस्तार को लेकर मंत्रणा की गयी.
मौके पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि काम से ही परिणाम मिलता है. हमें पीछे की बातों को भूलकर नए जोश एवं नए ऊर्जा के साथ एक नई शुरुआत करनी है. साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि आजसू पार्टी हर चौक, हर पंचायत, हर गांव-मोहल्ला में अपना कार्यकर्ता तैयार करेगी.
11 फरवरी से सदस्यता अभियान की शुरुआत
महान क्रांतिकारी एवं झारखंड के वीर सपूत बाबा तिलका मांझी जी की जयंती के पावन दिवस से आजसू पार्टी पूरे राज्य में सदस्यता अभियान की शुरुआत करेगी. तथा 22 जून तक पूरे राज्य में 1लाख सक्रिय सदस्य तथा 10 लाख साधारण सदस्य बनाएगी.
अनुषंगी इकाइयों का चरणबद्ध सम्मेलन
आजसू पार्टी 15 मार्च तक जिला स्तरीय तथा प्रदेश स्तरीय सम्मेलन, 15 अप्रैल तक प्रखण्ड स्तरीय सम्मेलन, 15 मई तक पंचायत स्तरीय सम्मेलन का आयोजन करेगी.
नए चेहरों को दी गयी जिम्मेदारी
कृषि के क्षेत्र में लम्बा अनुभव रखनेवाले कपिल देव जी अखिल झारखंड किसान संघ का संयोजक बनाया गया. साथ ही तीरंदाजी के क्षेत्र से आनेवाले प करण कर्माकर को अखिल झारखंड खेल प्रकोष्ठ का संयोजक, दीपक कुमार अग्रवाल जी को अखिल झारखंड उद्योग एवं व्यापार संघ तथा राधेश्याम गोस्वामी को अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ का संयोजक बनाया गया.
बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो, पूर्व मंत्री सह पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, विधायक सह पार्टी के महासचिव लम्बोदर महतो, पार्टी की संगठन सचिव शालिनी गुप्ता, पूर्व विधायक सह पार्टी के उपाध्यक्ष अक़ील अख्तर एवं कुशवाहा शिवपूजन मेहता, पूर्व मंत्री सह पार्टी के उपाध्यक्ष उमाकांत रजक, मुख्य केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, केंद्रीय प्रवक्ता मनोज सिंहा, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता, महिला मोर्चा की केंद्रीय संगठन सचिव वर्षा गाड़ी तथा समेत अन्य मोर्चा संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे.

