रांची : आजसू पार्टी स्थापना दिवस (22 जून) को संकल्प दिवस के तौर पर मनाएगी. पूरे राज्य में इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है. इस अवसर पर पार्टी प्रमुख सुदेश कुमार महतो ऑनलाइन संबोधन करेंगे. ऑनलाइन संबोधन के तहत फेसबुक और यूटयूब पर पार्टी प्रमुख को सीधे तौर पर सुना जा सकता है.
वैश्विक महामारी कोविड-19 के मद्देनजर ऑनलाइन सभा का आयोजन होगा. कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे कोविड को लेकर सभी एहतियात बरतने के साथ संकल्प दिवस को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं.
इस संबोधन के जरिए पार्टी प्रमुख कार्यकर्ताओं और समर्थकों को झारखंडी विचारों तथा विषयों के साथ राज्य की मौजूदा जरूरतों और चुनौतियों पर अपनी बात रखेंगे.
आंदोलन की उपज आजसू पार्टी अपने संघर्ष की अतीत को कभी हाशिए पर नहीं जाने देना चाहती. अलग राज्य गठन के बाद झारखंड में परिस्थितियां लगातार बदलती रही है. इन हालात में पार्टी अपनी जवाबदेही से कभी पीछे नहीं हटने के लिए एक बार फिर संकल्प लेगी.

