कर्मवीर,
रांची: आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा है कि झारखंड विधानसभा चुनाव में पार्टी राजग गठबंधन में रहते हुए 19 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. पार्टी की ओर से भाजपा को 26 सीटों की सूची सौंपी गयी थी. उन्होंने कहा कि रविवार की मध्य रात्रि को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से वे मुलाकात करेंगे. यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा, तो पार्टी 19 उम्मीदवार उतारेगी. हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के क्रम में उन्होंने यह बातें कहीं. उन्होंने कहा कि चुनावी घोषणापत्र 14 को जारी किया जायेगा.
आजसू प्रमुख ने कहा कि सीट शेयरिंग बहुत बड़ा मुद्दा नहीं है. राज्य के वैधानिक मसलों पर हमारी विचारधारा एक हो, यह बेहद जरूरी है. कल लोहरदगा में चूल्हा प्रमुखों का सम्मेलन है, जिसमें वे भाग लेंगे. कल ही नीरू शांति भगत लोहरदगा से नामांकन भी भरेंगी.
उन्होंने कहा कि कल आजसू अपनी पहली सूची भी जारी कर देगा. इससे अटकलों पर विराम लग जायेगा. आज केंद्रीय समिति की बैठक हुई, जिसमें 19 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा के 65 पार का नारा एनडीए का है. इसमें आजसू भी शामिल है.
उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव वर्तमान सीएम रघुवर दास के नेतृत्व में लड़ा जायेगा. इसकी औपचारिक जानकारी उन्हें नहीं है. यह घोषणा भाजपा की है. चेहरा और आगे के सीएम के कैंडिडेट कौन हैं, इसकी विधिवत जानकारी हमें नहीं दी गयी है.

