रांची: कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की आज रांची स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक हुई. पार्टी हाईकमान की ओर से रांची भेजे गये केंद्रीय पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की मौजूदगी में सभी नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई. इस बैठक में गठबंधन सरकार में कांग्रेस की भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी.
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में पाकुड़ से रिकॉर्ड 65,000 से अधिक मतों से चौथी बार निर्वाचित आलमगीर आलम को फिर से विधायक दल का नेता चुन लिया गया है. वर्ष 2014 से 19 तक भी आलमगीर आलम कांग्रेस विधायक दल के नेता थे. इस बैठक में सरकार के स्वरूप और अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई. बताया गया है कि कांग्रेस की ओर से नयी सरकार में उपमुख्यमंत्री पद और विधानसभा अध्यक्ष पद की दावेदारी की जा सकती है.
कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों में पार्टी के तमाम विधायकों के अलावा प्रदेश प्रभारी आर पी एन सिंह, सह प्रभारी और मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री उमंग सिंघर, प्रदेश अध्यक्ष और लोहरदगा से निर्वाचित विधायक रामेश्वर उरांव, राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू समेत अन्य नेता उपस्थित थे. कांग्रेस की नवनिर्वाचित चार महिला विधायक अम्बा प्रसाद, दीपिका पांडेय सिंह, ममता देवी और पूर्णिमा नीरज सिंह भी उपस्थित थीं.

