ग्रीन कार्ड जनरेशन का कार्य युद्धस्तर पर करने का निर्देश
रांची: रांची के उपायुक्त छवि रंजन की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में भूमि सुधार उप समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, परियोजना निदेशक आइटीडीए, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे.
बैठक के दौरान ग्रीन कार्ड, दीदी किचन, छात्रवृत्ति योजना, कोविड वैक्सीन कोल्ड चेन वेरिफिकेशन, मवेशी वितरण की समीक्षा की गई. कोविड सैंपल टेस्टिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया.
ग्रीन कार्ड–
ग्रीन कार्ड की समीक्षा की गई. सभी प्रखण्ड के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि युद्धस्तर पर ग्रीन कार्ड जनरेशन का कार्य करेंगे. अतिरिक्त कंप्यूटर ऑपरेटर प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स एवं कोल्ड चेन वेरिफिकेशन कोविड-19 की प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की ससमय बैठक के सम्बंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया.
सभी बीडीओ को कोल्ड चेन वेरीफिकेशन के संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ संयुक्त रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है. कोल्ड चेन के संबंध में पूर्व में ही ट्रेनिंग दी जा चुकी है. वैक्सीनशन सेंटर और कोल्ड चेन पॉइंट स्थानों का चयन कर रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया गया है. रांची जिला मुख्यालय से अनुमंडल तथा प्रखंडों में वैक्सीन भेजने के लिए परिवहन की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया.
छात्रवृत्ति योजना वेरिफिकेशन–
छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए जांच रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया गया. जिन विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया उसकी हार्ड कॉपी की जांच की जा रही है. संस्थानों के द्वारा यह आश्वस्त किया गया है कि उनके छात्रों के द्वारा ही आवेदन किया गया है.
विद्यालयों का वेरिफिकेशन किया गया और दूसरे स्टेज में आवेदकों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है. दीदी किचन तथा साईकल वितरण एवं मवेशी वितरण के सत्यापन रिपोर्ट की समीक्षा की गई. पंचवर्षीय योजना के लिए रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया.

