रांची: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आज कांग्रेस भवन, रांची में मकर संक्रांति के उपलक्ष्य पर ‘‘मिलन समारोह’’ का आयोजन किया गया.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव तथा कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कांग्रेस भवन में आयोजित मकर संक्रांति के अवसर पर सभी कांग्रेसजनों को बधाई एवं शुभकामनाऐं दी.
सैकड़ों की संख्या में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने एक दूसरे को मकर संक्रांति की बधाई दी एवं अपराह्न 12ः15 बजे से आयोजित भोज में शामिल हुए. संक्रांति के भोज में दीह-चुड़ा तिलकुट, सब्जी की व्यवस्था की गई थी.
इस मौके पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ उरांव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभी धर्मों के त्योहारों का कांग्रेस कार्यालय में आयोजन करेगी.
उन्होंने कहा कि आज का दिन शुभ मुहूर्त का दिन है. अच्छे कार्यों के शुभारंभ का दिन है. मकर संक्रांति के उत्सव के साथ ही कांग्रेस पार्टी राज्य की जनता के लिए समर्पण भाव से कार्य करेगी.
एक प्रश्न के जवाब में डॉ उरांव ने कहा कि मंत्रिमंडल का गठन अतिशीघ्र हो जायेगा. उन्होंने कहा कि 16 जनवरी को वे दिल्ली जाएंगे और 17 जनवरी को सभी विधायकों कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से औपचारिक मुलाकात होगी.
कांग्रेस विधायक दल नेता आलमगीर आलम ने मकर संक्रांति की राज्यवासियों एवं कांग्रेसजनों को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि हमारा देश विभिन्न मान्यताओं एवं धार्मिक आस्थाओं का देश है. जिसमें हर जगह प्रेम, भाईचारगी, अमन, खुशहाली का संदेश है.
उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि मकर संक्रांति के बाद मंत्रिमंडल के गठन की बात कही गई, आज मकर संक्रांति है और आज के बाद अतिशीघ्र झारखंड के मंत्रिमंडल का आकार तय हो जाएगा.

