जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद अब जम्मू कश्मीर और लद्दाख दो अलग केन्द्र शासित प्रदेश हो गए हैं. इस ऐतिहासिक पुनर्गठन के बाद जम्मू कश्मीर और लद्दाख के रेडियो स्टेशनों के नाम भी तत्काल प्रभाव से बदल दिए गए हैं. गुरुवार से जम्मू कश्मीर और लद्दाख में ऑल इंडिया रेडियो का टेलीकास्ट शुरू हो गया है. श्रीनगर स्थित स्टेशन का नाम ऑल इंडिया रेडियो कश्मीर और लेह स्टेशन का नाम ऑल इंडिया रेडियो लेह कर दिया गया है. अब जम्मू कश्मीर में रेडियो कश्मीर की जगह ऑल इंडिया रेडियो का प्रसारण होगा.
बता दें कि रेडियो कश्मीर भी प्रसार भारती के अन्तर्गत ही आता था. सूचना प्रसारण मंत्रालय का इस पर नियंत्रण था. दो स्टेशनों के साथ संचालित होने वाले रेडियो कश्मीर को जम्मू में डोगरी व उर्दू भाषा में जबकि श्रीनगर में कश्मीरी, उर्दू् व हिंदी भाषा में सुना जाता था. बीते 5 अगस्त को केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 और 35ए खत्म करने के साथ ही राज्य को दो केन्द्र शासित प्रदेशों में बांट दिया गया है. जो बुधवार रात 12 बजे से अस्तित्व में आ गया है. जानकारी के अनुसार कि देश में अब कुल राज्य 28 हो गए हैं. जबकि कुल केंद्र शासित प्रदेशों की संख्या 9 हो गई है. यह पहली बार है जब किसी राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटा गया है.

