रांची: अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद, झारखंड शाखा के बैनर तले प्रदेश अध्यक्ष गीताश्री उरांव, महासचिव सुशील उरांव, कोषाध्यक्ष घूरन उरांव, नयनतारा उरांव, मुकेश टोप्पो, सूरज उरांव, अमित उरांव के द्वारा हेहल अंचल अंतर्गत पहान टोली में 50 परिवारों के बीच सूखा राशन का वितरण लिस्ट बना कर किया गया.
ये परिवार राज्य में लाॅकडाउन के कारण घोर आर्थिक तंगी झेल रहे हैं. इन परिवारों के पास सरकारी राशन कार्ड नहीं है. अन्य कोई सुविधा नहीं मिलता है. ऐसे परिवार ज्यादातर प्रवासी हैं. राज्य के अन्य जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी हैं.
इस वितरण के समय पूरी तरह से सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा गया. उपस्थित लोगों को भी इसका मतलब और महत्व भी समझाया गया. राशन में चावल – 5 किलो, दाल 1 किलो, आलू 1 किलो, नमक आधा किलो, नहाने का साबुन 1, कपड़ा धोने वाला साबुन 1 दिया गया.
इससे पहले 11 अप्रैल को हेहल अंचल अंतर्गत ग्राम पहाड़ टोली में 144 परिवारों के बीच सूखा राशन का वितरण हुआ था. वहां साबुन की जगह आधा लीटर सरसों तेल और हल्दी पाउडर दिया गया था.
15 अप्रैल को हेहल अंचल अंतर्गत ग्राम मुंडा टोली के 50 परिवारों में सूखा राशन का वितरण हुआ. 20 अप्रैल को हेहल अंचल अंतर्गत मघुकम बस्ती के 75 परिवारों और ग्राम पावा टोली के 45 परिवारों के बीच सूखा राशन वितरण होगा.

