Mumbai:- मुंबई पुलिस ने शनिवार रात को ‘ऑल आउट ऑपरेशन’ चलाया. इस दौरान 1278 अपराधियों को गिरफ्तारी करने के साथ मादक पदार्थ और अवैध हथियार जब्त किए गए. नियमों के उल्लंघन के मामले में कई वाहनों पर जुर्माना लगाया गया.
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शनिवार रात 11 बजे से अभियान की शुरुआत की गई और यह रात दो बजे तक चला. इसमें महानगर के 93 पुलिस थाने के जवान व अधिकारी सड़कों पर तैनात थे. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुल 259 स्थानों पर तलाशी ली गई और विभिन्न अपराधों के आरोपियों को पकड़ा गया. 39 वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हुई. 88 लोगों पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और 37 लोग अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए.31 लोग शराब पीकर चला रहे थे गाड़ी
तीन घंटे में 11,881 वाहनों की तलाशी ली गई और 3,141 वाहन मालिकों पर नियमों के उल्लंघन के तहत जुर्माने लगाए गए. वहीं 31 लोगों को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में पकड़ा गया.

