रांची: बिशप वेस्टकोट ब्वॉयज स्कूल नामकुम के 11वीं के छात्र आलोक राज ने आत्महत्या कर ली है. आत्महत्या की वजह पढ़ाई को लेकर तनाव बताया जा रहा है. आलोक की उम्र महज 15 साल थी. यह घटना सुखदेव नगर थाना क्षेत्र की है. सूत्रों के मुताबिक आलोक पढ़ाई को लेकर काफी चिंतित था. आलोक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
शांत स्वभाव का था आलोक:
परिजन ने बताया कि आलोक राज बहुत ही शांत रहने वाला लड़का था और उसकी ज्यादा किसी से दोस्ती नहीं थी. लेकिन किस वजह से आत्महत्या का रास्ता अख्तियार किया है यह समझ से परे है.
घर से निकला फिर वापस नहीं लौटा:
वह कल शाम को अपने घर से बाहर निकला और देर रात वापस नहीं लौटने पर उसकी छानबीन की जाने लगी. परिजन जब आलोक को खोज पाने में नाकाम रहे तब इसके बाद परिजनों ने सुखदेव नगर थाना में शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद आलोक की छानबीन तेज कर दी और आलोक का लास्ट लोकेशन पटेल चौक के पास मिला.
फोन पर मिली घटना की सूचना:
पुलिस अभी उसे खोज ही रही थी कि अचानक नामकुम थाने से आलोक के मोबाइल नंबर से पुलिस द्वारा आलोक के परिजन को उसकी मौत की सूचना मिली. यह खबर सुनते ही उसके परिजन अवाक रह गये और तुरंत नामकुम थाना पहुंच कर शव को देखा.
इधर, परिजनों का यह भी कहना है कि वह सबसे पहले किसी होटल में रूम लेने गया था लेकिन उसके पास पहचान पत्र नहीं होने के कारण उसे रूम नहीं दिया गया. परिजन ने अभी तक किसी पर भी मौत का संदेह नहीं जताया है और पुलिस तनाव के कई पहलुओं को टटोल रही है.

