नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना लगभग पूरी हो चुकी है और नतीजे भी आना शुरू हो गए हैं. दिल्ली के ओखला विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अमानतुल्लाह खान ने बंपर जीत दर्जी की है. अमानतुल्लाह को कुल 44384 वोट मिले हैं.
वहीं, इस सीट से अमानतुल्लाह के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने ब्रहम सिंह को मैदान में उतारा था. जीत से उत्साहित अमानतुल्लाह ने गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसा है.
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आना शुरू हो गए हैं जिसमें आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है. वहीं जीत का दावा करने वाली भाजपा का वोट शेयर जरूर बढ़ा है लेकिन वह दिल्ली की सत्ता से अभी भी दूर है. ओखला सीट से जीत दर्ज करने वाले अमानतुल्लाह के कार्यालय में जश्न का माहौल है और कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई भी खिलाई. इस बीच अमानतुल्लाह ने अमित शाह पर निशाना साधा है.
अमानतुल्लाह ने कहा, दिल्ली की जनता ने आज बीजेपी और अमित शाह को करंट लगाने का काम किया है, ये काम की जीत है.
बता दें कि अमानतुल्लाह ने अमित शाह के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें गृह मंत्री ने कहा था कि दिल्ली की जनता मतदान वाले दिन कमल का बटन इतनी जोर से दबाए कि उसके करंट से शाहीनबाग में बैठे सीएए प्रदर्शकारी वहां से चले जाएं.

