रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में डॉ भीमराव अंबेडकर की 64वीं पुण्यतिथि मनाई गई. पार्टी नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया.
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर विलक्षण एवं अद्वितीय प्रतिभा के धनी थे. डॉ अंबेडकर वैश्विक स्तर के विधिवेत्ता एवं भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार थे. जिन्होंने संतुलित समाज की रचना में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. देश का दलित समाज जो सामाजिक एवं आर्थिक रूप से अभिशप्त था उन्हें अभिशाप से मुक्ति दिलाना डॉ अम्बेडकर का जीवन संकल्प था.
पार्टी के वरिष्ठ नेता निरंजन पासवान ने कहा कि डॉ अम्बेडकर आर्थिक एवं सामाजिक विषमता को समाप्त कर सच्चे लोकतंत्र की स्थापना की वकालत करते थे. उनका मानना था कि जब तक सही मायने में सामाजिक जनतंत्र की स्थापना नही होगी तब तक सामाजिक चेतना का विकास भी संभव नही हो सकता है.
प्रदेश प्रवक्ता अमुल्य नीरज खलखो ने कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर आजाद भारत में धर्म और जाति से ऊपर समानता के अधिकार को लेकर प्रतिबद्ध थे. डॉ अम्बेडकर के विचार एवं सिद्धान्त भारतीय राजनीति के लिए हमेशा प्रासंगिक रहे है. उनका राजनीतिक दर्शन आज भी हम देश के नागरिकों को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है.
प्रदेश प्रवक्ता ज्योति मथारू ने कहा कि ईश्वर भाजपा सरकार को सद्बुद्धि प्रदान करे कि वे डॉ अम्बेडकर के सिद्धान्तों तथा संवैधानिक मूल्यों एवं मर्यादाओं की रक्षा कर सकें.
अनुसूचित जाति विभाग के उपाध्यक्ष केदार पासवान ने कहा कि डॉ अम्बेडकर के विचार एवं सिद्धान्त स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण में आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं. देश की समृद्धि एवं सम्पूर्ण विकास हेतु डॉ अम्बेडकर के विचार सदा अनुकरणीय रहेंगे.
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में करने वालों में कार्यकारी केशव महतो कमलेश, निरंजन पासवान, प्रवक्ता अमुल्य नीरज खलखो, ज्योति मथारू, सुरेश बैठा, केदान पासवान, जगरनाथ साहु, अर्जुन मांझी, कमल ठाकुर, अजय सिंह, पिकलू, गुड्डू यादव, जिताराम यादव, राजेश प्रसाद, रामानन्द केशरी सहित अन्य कॉंग्रेसजन उपस्थित थे.

