रांची: रांची रेलवे स्टेशन पर जल्द ही 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध होगी. रांची जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के बीच इसे लेकर एमओयू साइन हुआ. उपायुक्त राय महिमापत रे और सीएसआर हेड, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन प्रमोद रंजन ने एमओयू पर साइन किया.
सीएसआर के तहत सहयोग करेगा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन
रांची रेलवे स्टेशन में 24 घंटे शुरु होने वाली एंबुलेंस सेवा में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन सीएसआर फंड के तहत सहयोग करेगा. इस प्रोजेक्ट के तहत आइओसीएल 26,00,000 की राशि सीएसआर के तहत प्रदान करेगा.
मरीज को जल्द मिल सकेगी सुविधा: उपायुक्त
एमओयू साइन करने पर सहयोग के लिए आईओसीएल का धन्यवाद देते हुए उपायुक्त राय महिमापत रे कहा कि इसे लेकर काफी पहले अनुरोध किया गया था, जिसे आईओसीएल ने पूरा किया. रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहने पर मरीज को फौरन चिकित्सकीय सुविधा मिल सकेगी. ये सिविल सर्जन के माध्यम से ऑपरेट होगा और डीआरएम रांची इसे देखेंगे.

