रांचीः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मुझे पूरा विश्वास है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी झारखंड वासी एक बार फिर भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर डबल डेकर की सरकार बनाएंगे. जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रघुवर दास की सरकार मिलकर झारखंड को नंबर 1 राज्य बना सकें. सभा को संबोधित करते हुए शाह ने राहुल गांधी पर तंज भी कसा. कहाः नरेंद्र मोदी ने धारा 370 हटाया तो कांग्रेस और जेएमएम ने इसका विरोध किया. हमने सर्जिकल स्ट्राइक की तो राहुल गांधी ने विरोध किया. एयर स्ट्राइक की तो हमसे प्रमाण मांगे गए, जेएनयू में भारत विरोधी नारे लगे तो वे उनके साथ जाकर खड़े हो गए, इस बाबत मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूँ कि वे यह स्पष्ट करें कि देश को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं.धारा 370 पर कहा कि कश्मीर और विकास के बीच सबसे बड़ा रोड़ा धारा 370 था जिसे हटाकर हमारी सरकार ने कश्मीर के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखाई. शाह बुधवार को जामताड़ा में जोहार जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ के मौके पर बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि यात्रा संताल के 18 विधानसभा क्षेत्रों में घूमते हुए प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगी. इस ऐतिहासिक यात्रा के माध्यम से सरकार के लोककल्याणकारी कार्यों का ब्यौरा गांव-गांव, घर-घर पहुंचाया जाएगा.
जल्द पीओके भी भारत का हिस्सा होगा
जन आशीर्वाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि वीरों की भूमि संताल और ईश्वरचंद विद्यासागर की कर्मस्थली जामताड़ा से जनआशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ एक सौभाग्य है. वर्षों से लोगों की मांग रही धारा 370 खत्म करके न सिर्फ आतंकवाद कड़ा प्रहार करने का काम किया है बल्कि आज पाकिस्तान को भी वैश्विक पटल पर अपराधी की तरह कटघरे में ला कर खड़ा कर दिया है. हमें यह कहने में अब कोई झिझक नहीं है कि जल्द ही पीओके भी भारत का हिस्सा होगा. हमारी सरकार झारखंड की तस्वीर बदल रही है और एक नया और समृद्ध झारखंड बनाने की ओर हम तीव्र गति से अग्रसर हैं. झारखंड आज पूरी तरह से नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और विकासयुक्त राज्य बनने का एक महत्वपूर्ण मापदंड भयमुक्त राज्य होना है.
मोदी सरकार के नेतृत्व में अग्रिम पंक्ति में खड़ा है भारत
केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि मोदी सरकार ने आज हर वर्ग, हर क्षेत्र, हर समुदाय को साथ लेकर भारत को आत्मस्वालंबी बनाने का काम किया है. देश ही नहीं विदेशों में भी आज भारत मोदी सरकार के नेतृत्व में अग्रिम पंक्ति में खड़ा है जो भारत की वैश्विक जीत है. उन्होंने झारखंड की जनता से अपील करते हुए कहा कि 2014 में आपने रघुवर सरकार को जो आशीर्वाद दिया है उसे 2019 में भी दोहराएँगे, ऐसा विश्वास है. जनआर्शीवाद यात्रा कार्यक्रम में झारखंड चुनाव प्रभारी ओपी माथुर, सह प्रभारी नंद किशोर यादव, संगठन सह प्रभारी रामविचार नेताम, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह,यात्रा प्रभारी संजय सेठ, मंत्री लुइस मराण्डी, राज पालिवाल, रणधीर सिंह, अमर बाउरी,सांसद निशिकांत दूबे, प्रमंडल प्रभारी प्रदीप वर्मा सहित पार्टी के सभी विधायक एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे.

