ज्योत्सना,
खूंटी: खूंटी जिले के नवनिर्मित ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत जिले के कुल 26,117 किसानों के बीच 6,97,30,306 की राशि डीबीटी के माध्यम से किसानों के खाते में भेजी गई. कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों से किसान कार्यक्रम में सम्मिलित हुए. सीएम कृषि आशीर्वाद योजना के तहत किसानों को प्रथम और द्वितीय किस्त की राशि वितरित की गई.

मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना कार्यक्रम में जिले के किसानों को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि खूंटी के किसानों में खेती को लेकर प्रतियोगिता की भावना होनी चाहिए. वर्तमान सरकार उन्नत किसानों को विदेश भेजने का काम कर रही है, ताकि विदेश जाकर कृषि के बेहतर तरीकों और तकनीकों की जानकारी हासिल कर सकें.
जिले के किसानों की आय कैसे दोगुनी होगी इसे लेकर लगातार कृषि और जल संचयन विभाग कार्यरत है. जिले के किसान कृषि के बेहतर तकनीकी के इस्तेमाल से अपनी आय दुगुनी कर राज्य और देश के विकास में अपना योगदान करें.
जिले के उपायुक्त सूरज कुमार ने कहा कि खूंटी जिला खेती कार्य मे बारिश पर निर्भर रहता है. ऐसे में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना खूंटी जिले के किसानों के लिए सहायक होगी और किसान अपनी आय दुगुनी कर पाएंगे.

