रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा है कि कोरोना संक्रमित मरीज की पहचान को सार्वजनिक करने वाले देवघर के भारतीय जनता पार्टी सांसद निशिकांत दूबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करनी चाहिए.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि वैश्विक कोरोना महामारी के बीच केंद्र सरकार की ओर से यह स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किया गया है कि कोरोना संक्रमित मरीज की पहचान को कोई सार्वजनिक नहीं करेगा और ऐसा करना आपराधिक कृत्य माना जाएगा.
उन्होंने कहा कि ऐसे करने वाले व्यक्ति के खिलाफ महामारी कानून के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
आलोक कुमार दूबे ने भाजपा सांसद का पहले से ही सांप्रदायिक चेहरा सामने आता रहा है और यह कृत्य एक बार फिर सामाजिक वैमनस्यता को बढ़ावा देता है.
उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन को तुरंत इस मामले को संज्ञान में लेते हुए भाजपा सांसद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा के दो सांसद लॉकडाउन के सारे नियम-कानून को धत्ता बताते हुए दिल्ली से झारखंड आ गये थे, वहीं राज्य के लाखों प्रवासी श्रमिक, छात्र-छात्राएं और मरीज एवं उनके परिजन दूसरे राज्यों में फंसे हैं. वहीं भाजपा सांसद लगातार कानून की धज्जियां उड़ा रहे है.

