दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के दरभंगा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के कोरोना आइसोलेशन वार्ड स्थित शौचालय में रविवार को कोरोना पॉजिटिव युवक की लाश मिलने से नाराज परिजनों ने जमकर बवाल काटा. मिली जानकारी अनुसार रविवार की सुबह परिजन युवक से मिलने कोरोना स्पेशल वार्ड में पहुंचे थे. लेकिन वो वहां नहीं मिला. ऐसे में परिजन उसे ढूंढते हुए शौचालय गए, जहां उन्होंने युवक की लाश पड़ी हुई देखी.ये देखकर परिजन आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे. गुस्साए लोगों ने हॉस्पिटल परिसर में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे हॉस्पिटल के अंदर और बाहर के कई कीमती सामान क्षतिग्रस्त हो गए.
मृतक के पिता ने डॉक्टरों पर लगाया आरोप
इस मामले में परिजनों ने डीएमसीएच प्रबंधक पर लापरवाही का आरोप लगाया है. मृतक के पिता ने बताया कि मोबाइल से बेटे से संपर्क नहीं होने पर जब वे आइसोलेशन वार्ड गए तो वो वहां नहीं मिला. खोजबीन करने पर उसका शव शौचालय में मिला. पिता का आरोप है कि उनके बेटे की जान डॉक्टरों की लापरवाही के कारण गई है.

