किया चक्का जाम, लगी लंबी कतारें
चतरा:- सीसीएल की आम्रपाली कोल परियोजना से निकलने वाले कोल वाहनों के सार्वजनिक सड़कों पर परिचालन व उससे उड़ते धूल ने रैयतों की परेशानी बढ़ा रखी है. परियोजना अंतर्गत पड़ने वाले विस्थापित गांवों के रैयत अब सीसीएल प्रबंधन व ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों के विरुद्ध गोलबंद होने लगे हैं. कोल वाहनों के बेलगाम परिचालन व उड़ते धूल से परेशान महिलाओं ने ट्रांसपोर्टिंग कंपनी आरकेटीसी व माँ अम्बे कम्पनी के गाड़ियों को रोक दिया. आक्रोशित महिलाएं ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर नियमित पानी छिड़काव व झाड़ू लगाने की मांग पूरी नहीं होने पर आक्रोशित थी. महिलाओं का आरोप था कि सीसीएल प्रबंधन व उसके द्वारा निबंधित ट्रांसपोर्टिंग कंपनी आरकेटीसी व माँ अम्बे के द्वारा नियमों की अनदेखी कर कोल वाहनों का परिचालन सार्वजनिक सड़क से किया जा रहा है. ऐसे में ओवरलोड वाहनों के परिचालन से न सिर्फ सार्वजनिक सड़कों पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है बल्कि उससे उड़ने वाले धूल से लोगों पर गंभीर बीमारियों का भी खतरा बना हुआ है. महिलाओं द्वारा कोल वाहनों को रोके जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझा-बुझाकर गाड़ियों का परिचालन शुरू कराया. महिलाओं के विरोध से गड़ियो की लंबी लाईन लग गई थी.

