राजकोट: कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं कल यानी 17 मार्च को पूरी होने के एक दिन बाद आज सुबह राजकोट के वीरपुर के निकट उत्तर पुस्तिकाएं लावारिस हालत में बरामद हुई है. जिसमें कई उत्तर पुस्तिकाएं पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं. घटना सामने आने के बाद शिक्षा मंत्री भूपेन्द्र सिंह चूडास्मा ने जांच के आदेश दिए हैं.
सालभर मेहनत कर परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ किस प्रकार खिलवाड़ किया जा रहा है, इसकी झलक राजकोट के वीरपुर में देखने को मिली. 17 मार्च को कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं पूर्ण हो चुकी हैं और उसके बाद उत्तर पुस्तिकाओं को जांच के लिए विभिन्न केन्द्र भेजा दिया गया है. राजकोट के वीरपुर के निकट ब्रिज पर कक्षा 10 और 12 की उत्तर पुस्तिकाएं लावारिस हालत में बरामद हुई हैं. हवा में कई उत्तर पुस्तिकाएं उड़ गई. जबकि कई पुस्तिकाएं चीथड़ेहाल बरामद हुई हैं. सड़क पर बिखरी उत्तर पुस्तिकाओं को वहां से गुजरने वाले वाहन रौंदते रहे.
Also Read This: कोरोना वायरस को लेकर सरकार गंभीर, जांच को लेकर दिये गये है विशेष अधिकार: मुख्यमंत्री
सड़क से बरामद उत्तर पुस्तिकाएं कोई यहां फेंक गया है या गलती से गिर गई, यह जांच के बाद पता चलेगा. फिलहाल घटना सामने आते ही विद्यार्थी और अभिभावकों में आक्रोश भड़क उठा है. अभिभावकों की मांग है कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए. घटना सामने आने के बाद राज्य के शिक्षा मंत्री भूपेन्द्र सिंह चूडास्मा ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एजे शाह ने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी.

