भाजपा एससी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
रांची:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 6 वर्षों में केंद्र सरकार उपेक्षित, वंचित, गरीब, किसान, पिछड़ों के विकास के लिए सबसे अधिक कार्य कर रही है. झारखंड के 5 वर्ष के कार्यकाल में हमारी सरकार ने भी अनुसूचित जाति समाज के उत्थान के लिए कई कार्य किए थे. वहीं दूसरी ओर राष्ट्र विरोधी शक्तियां अनुसूचित जाति समाज को तोड़ने का प्रयास कर रही है. इसके लिए हम सभी को सचेत रहने की जरूरत है. उक्त बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहीं. वे भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि राष्ट्र विरोधी शक्तियों के प्रति समाज के लोगों को जागरूक करना की जिम्मेदारी भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों व सदस्यों की है. साथ ही वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दें. उन्हें विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ दिलाये.
श्री दास ने कहा कि पिछले 5 साल में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना समेत कई योजनाएं गरीबों को ध्यान में रखकर पेश की है. इसका लाभ अनुसूचित जाति के लोगों को मिला है. वहीं झारखंड में पिछले 13 महीनों में हेमंत सरकार ने विकास कार्यों को पूरी तरह से ठप कर दिया है. राज्य में धर्मांतरण तेजी से बढ़ गया है. मोर्चे की जिम्मेदारी ऐसी स्थिति में और बढ़ जाती है. कुछ लोग बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी की फोटो को आगे कर समाज के लोगों को गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं, जबकि बाबा साहब ने हमेशा भारत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया था. वहीं कुछ राष्ट्र विरोधी शक्तियां बाबा साहब के नाम पर राजनीति कर बाबा साहब के विचारों के विरुद्ध काम कर रही हैं.
रघुवर दास ने कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति के लोगों की सरकार को बिल्कुल भी चिंता नहीं है. कसमार, नवाडीह, धनबाद समेत कई क्षेत्रों में भूख से मौतें हुई है, लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही है. वहीं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने इन मामलों को उठाया आंदोलन किया, जिसके चलते सरकार को जागना पड़ा है. उसने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य अनुसूचित जाति मोर्चा का गठन किया था. लेकिन इस सरकार में पिछले 13 महीने में आयोग के विस्तार के लिए कोई कार्य नहीं किया है, जिससे अनुसूचित जाति समाज के विकास के लिए कोई कार्य नहीं हो पा रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य में जाति प्रमाण पत्र नहीं बन रहे हैं, इससे काफी परेशानी हो रही है. मोर्चा के पदाधिकारी मुख्य सचिव से मिले और उनसे इस संबंध में आग्रह करें क्योंकि हमारा कार्य सरकार को सकारात्मक सहयोग देना है. फिर भी सरकार अगर नहीं जागे, तब आंदोलन कर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के नाम पर राजनीति करने वाले दलों ने बाबा साहब को कभी सम्मान नहीं दिया. श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी की सरकार ने उन्हें भारत रत्न दिया. इस कार्य को आगे देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने बढ़ाया. मोदी सरकार बाबा साहब से जुड़े स्थानों का पुनरुद्धार कर उनके विचारों को आगे बढ़ा रही है. हमें बाबा साहब के नाम पर राजनीति करने वाले दलों से सचेत रहने की आवश्यकता है और जो झूठ और सब भ्रम फैलाया जाता है. उसे भी समाज को बचाने की जरूरत है.
कार्यक्रम में संगठन महामंत्री धर्मपाल ने कहा कि जब संगठन की बैठक होती है और संवाद होता है तो वहां से निकलने वाला हर व्यक्ति बेहतर कार्यकर्ता बन कर निकलता है. क्योंकि भारतीय जनता पार्टा अपने विचारों और कार्यप्रणाली के कारण ही विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है. यह हम सभी का सौभाग्य है कि हम सभी भाजपा के कार्यकर्ता हैं.
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, ऐसी व्यवस्था करने की जरूरत है. मोर्चा की आवाज समाज की आवाज बने इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं अपने – अपने स्तर पर कार्य करने की जरूरत है. कार्यकर्ता अगर संकल्प ले लें तो कोई उसे पूर्ण करने से नहीं हो सकता.
उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी का नेतृत्व भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा को दिया गया है तब से लेकर अभी तक कई सराहनीय कार्य किए गए हैं. जिसका सीधा फायदा समाज के लोगों के बीच देखने को मिल रहा है. लेकिन अभी भी मोर्चा में कई सारे कार्य करने बाकी है. जिसकी रूपरेखा पहले से तय कर के कार्य करने की जरुरत है. उन्होंने कहा कि मोर्चा पहले जिला फिर मंडल और पंचायत के साथ साथ शक्ति केन्द्र और बूथ स्तर तक की समिति जल्द से जल्द बना लें. ताकि हर व्यक्ति तक मोर्चा की पहुंच हो सके. उन्होंने कहा कि पहले से ही कार्यक्रम तैयार कर मोर्चा के पदाधिकारी जिला, मंडल, पंचायत, गांव और बूथ स्तर पर लोगों के बीच बैठक संवाद स्थापित करें. उन्होंने सभी जिला अध्यक्ष को अपने-अपने जिले में कार्यसमिति बनाने कॉ कहा. साथ ही शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर बैठक करने की बात भी उन्होंने कही.
समापन समारोह में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि जिस दिन उन्होंने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का प्रभार उस दिन यह प्रण लिया कि मोर्चा को पार्टी के शीर्ष तक पहुंचायेगे. इसके लिए कार्यकर्ताओं का समर्थन तभी संभव हो सकेगा जब कार्यकर्ताओं के चेहरे पर विश्वास आएगा. देश में सबसे बड़ी आबादी अनुसूचित जाति की है. झारखंड में भी 12.9 प्रतिशत आबादी अनुसूचित समाज की है लेकिन हमारे बीच एकता नहीं होने के कारण हमारा समाज टुकड़ों में बटा हुआ है. जिसका फायदा समाज को और देश को तोड़ने वाले लोग उठा रहे हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भीम सेना जैसे लोग हमारे समाज को अन्य धर्म से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं. जो झारखंड में कभी संभव नहीं होगा.
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन होने के बाद से लेकर अभी तक जहां अनुसूचित जनजाति को 100प्रतिशत अनुदान मिल रहा है वहीं अनुसूचित जाति के लोगों को मात्र 50प्रतिशत का अनुदान ही मिल रहा है.
उन्होंने बताया कि सदियों से किसी भी राजनीतिक दल या संस्था ने समाज के प्रति अपनी संवेदना प्रकट नहीं की है जबकि दलित समाज सबसे अधिक वंचित समाज में गिना जाता है. कांग्रेस के शासनकाल में अनुसूचित जाति को सम्मान नहीं मिला. उन्हें लाभ से वंचित किया गया. लेकिन जैसे ही 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पदभार ग्रहण किया उन्होंने दलित गरीब महिलाओं के सम्मान और अधिकार के लिए योजनाएं तैयार की आज विकास से कोसों दूर रहे अनुसूचित समाज के पास बिजली पहुंच रही है. आयुष्मान योजना के तहत उन्हें स्वास्थ्य बीमा मिल रहा है, उज्जवला योजना के तहत गैस का कनेक्शन दिया जा रहा है, प्रधानमंत्री आवास के तहत उन्हें सम्मान के साथ अपने लोगों के बीच रहने का अधिकार दिया जा रहा है, ऐसे न जाने कितने कार्य हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किए गए.
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को देश दुनिया तक पहुंचाने वाले संत बाल्मीकि अनुसूचित वर्ग से ही आते थे. पुरुषोत्तम पुरुष श्री राम के गुरु के तौर पर उन्होंने सनातन धर्म को इस मुकाम तक पहुंचाया कि आज हम सभी उस धर्म की इज्जत करते हैं. यह धर्म ही है जिसने दलित समाज के एक व्यक्ति को देश का प्रथम नागरिक बनाया. आने वाले समय में मजबूती के साथ देश की दिशा और दशा तय करेगी.
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा का आवाहन करते हुए कहा कि हमें अब वर्ष 2022 के विराट प्रदर्शन की तैयारी में जुट जाना है. जिसमें राज्य भर से 500000 से भी ज्यादा आदिवासी समाज के लोग भाग लेंगे.
उन्होंने मंच के माध्यम से समाज के लोगों को आमंत्रित करते हुए कहा कि वह वर्ष 2022 में होने वाले विशाल प्रदर्शन में अपने हक और अधिकार के लिए जरूर आएं.
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कार्यकर्ता कार्यसमिति बैठक को सफल बनाने वाले सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद एवं सम्मानित शुभकामनाएं दी. कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व सांसद एव मोर्चा प्रभार ब्रज मोहन राम, विधायक समरी लाल, विधायक विधायक किशुन दास, पूर्व विधायक जीतू चरण राम, पूर्व विधायक रामचंद्र नायक, पूर्व विधायक जनार्दन पासवान, भाजपा प्रदेश मंत्री शर्मिला रजक, महामंत्री रंजय भारती, महामंत्री रंजन पासवान, जवाहर पासवान, महावीर पासवान, कमलेश राम, उपाध्यक्ष प्रभात भूइंया, विमल बैठा, विशाल बाल्मीकि, ध्रुव हरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, रामेश्वर दास, सूरज दास एवं अन्य मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.

