नई दिल्ली:- केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का आंदोलन आज 78वें दिन भी लगातार जारी है, लेकिन सरकार और किसान संगठनों के बीच इस मुद्दे पर 11वें दौर की वर्ता के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल सका. ऐसे में किसानों द्वारा सहारनपुर में आज महापंचायत (Mahapanchayat) बुलाई गई है. पंचायत में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के शामिल होने पर बीजेपी के केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ( Anurag Thakur) ने सवाल खड़े किए हैं.किसान संगठनों से अनुराग ने किया सवाल
अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘किसान संगठनों को सोचना चाहिए कि आखिर वे किस आधार पर राजनीतिक पार्टियों को मंच पर जगह दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि कल तक संगठन कहते थे कि इस आंदोलन से राजनीतिक दल दूर हैं. उन्होंने सवाल करते हुए पूछा की संगठन जवाब दें कि आखिर कैसे कोई भी राजनीतिक दल का व्यक्ति उनके मंच पर आ सकता है.
सदन की चर्चा में कोई नहीं बता पाया कानूनों में कमी
नए कानूनों पर हो रहे विरोध का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘सदन की चर्चा में एक भी सांसद नहीं बता पाया कि कृषि कानूनों से किसानों को नुकसान कैसे होगा. किसानों से अनुरोध है कि इनकी बातों से भ्रमित न हों. किसानों को समझने की जरूरत है कि जब कहा गया था कि उनका मंच राजनीतिक दलों के लिए नहीं है तो यह बदलाव कैसे आया.’
महापंचायत को संबोधित करेंगी प्रियंका
दरअसल, आज प्रियंका गांधी सहारनपुर के चिलकाना स्थित जे जे इण्टर कालेज में आयोजित किसानों की महापंचायत को संबोधित करेंगी. महापंचायत के बाद प्रियंका गांधी सहारनपुर के बेहट रोड जाकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिवंगत काजी रशीद मसूद के परिजनो से मिलकर शोक सवेंदना व्यक्त करेंगी. कांग्रेस महासचिव मसूद के परिजनों से मिलने के बाद शारदानगर स्थित शहीद निशांत शर्मा के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगी.

