रांची:- उपायुक्त छवि रंजन के निदेश पर कोविड टीकाकरण की समुचित जागरूकता हेतु प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं. बीते दिनों उपायुक्त ने एक टीकाकरण केंद्र जाकर टीका लगवाने पहुंचे बुजुर्गों को गुलाब फूल देकर उनके प्रति सम्मान ज्ञापित किया था, तदुपरांत अन्य टीकाकरण केंद्रों पर भी बुजुर्गों को रैंडम रूप से सम्मानित किया जा रहा है. शहर के गणमान्य और प्रबुद्ध लोगों द्वारा जागरूकता अपील भी की जा रही है. उपायुक्त श्री रंजन की अपील पर जिले में कार्यरत कई स्वैच्छिक सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा भी दूरस्थ इलाकों में जागरूकता फ़ैलाने में सहभागिता निभायी जा रही है .
इसी क्रम में जिला प्रशासन ने अपील की है कि कोविड टीकाकारण से सम्बंधित अपनी / अपने परिजनों की फोटो फेसबुक, ट्विटर आदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर #RanchiCares के साथ पोस्ट कर लोग जागरूकता में सहभागी बन सकते हैं. लोग चाहें तो टीकाकरण के बाद के अनुभव को खुद के वीडियो सन्देश के माध्यम से भी दूसरों को प्रेरित कर सकते हैं.
सोशल मीडिया जन जागरूकता का एक बहुत ही सशक्त माध्यम है इसलिए इस महत्वपूर्ण मुहिम में इसका अधिक से अधिक सकारात्मक उपयोग करें. साथ ही ध्यान रहे कि टीकाकरण को लेकर किसी तरह की भ्रांति या अफवाह नहीं फैलायें.
MyGov पर भी पोस्ट कर सकते हैं फोटो
जिला कोविड टीकाकरण जागरूकता अभियान के समन्वयक संजय कुमार ने बताया कि भारत सरकार के पोर्टल MyGov पर भी इस समय देश भर के नागरिकों से टीकाकरण वाली फोटो प्रवृष्टियां आमंत्रित की जा रही हैं, इसलिए रांची के नागरिक चाहें तो सोशल मीडिया के साथ-साथ उक्त पोर्टल पर भी टीकाकरण वाली फोटो भेज सकते हैं.

