बिहार: बिहार में कोरोना का आंकड़ा बढ़ते ही जा रहा है. कोरोनाकाल में डाक विभाग ने अच्छी पहल की है. भाई-बहन के पवित्र त्योहार रक्षा बंधन को ध्यान में रखते हुए विभाग ने राखियों की डिलीवरी अभी से शुरू कर दी है.
दरअसल, कोरोना की वजह से फिलहाल ट्रेनों और बसों का परिचलन बंद है और ग्रामीण इलाकों में ई-कॉमर्स कंपनियों की पहुंच भी नहीं है. ऐसे में बहनें घर से दूर रहने वाले भाइयों के लिए डाक के द्वारा राखियां भेज रही हैं, ताकि भाइयों तक राखियां जल्द से जल्द पहुंच जाए.
इस साल डाक के द्वारा राखी भेजने वालों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है, क्योंकि कोरोना के चलते बाहर रहने वाले भाई घर नहीं लौट पा रहे हैं. डाक विभाग के मुताबिक देश के अंदर के लिए 28 जुलाई और विदेशों के लिए 25 जुलाई तक राखियां भेजी जा सकती हैं.

