रांची: उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है, प्रायः देखा जा रहा है कि लोग पूरी तरह से जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं. कई लोग बिना मास्क के घरों से बाहर निकल रहे हैं और सोशल डिस्टेंसिंग का भी अनुपालन पूरी तरह से नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए कोरोना जागरूकता रथ रवाना किया गया है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर ना निकलें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और मास्क अवश्य पहनें. श्री रंजन ने कहा कि दुकानों-प्रतिष्ठानों में एक समय में 5 से ज्यादा व्यक्ति ना रहें, खुद सुरक्षित रहें और अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें.
माइकिंग के माध्यम से किया जा रहा जागरूक
उपायुक्त ने बताया कि लोगों को माइकिंग के जरिए भी कोरोनावायरस के संक्रमण से बचने के प्रति जागरूक किया जा रहा है. रांची के विभिन्न चौक-चौराहों पर रिकॉर्डेड मैसेज के जरिए लोगों को संक्रमण से बचने के के बारे में जानकारी दी जा रही है.

