कोविड-19 की स्थिति से निपटने के लिए रिम्स शासी परिषद की बैठक
रांची: राज्य में वैश्विक महामारी कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण एवं प्रादुर्भाव के मद्देनजर आकस्मिकता की स्थिति से निपटने के लिए रिम्स, शासी परिषद् की 51वीं (असाधारण) बैठक स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की अध्यक्षता में ऑनलाईन माध्यम से सम्पन्न हुई, जिसमें मुख्य रूप से रांची के सांसद , कांके विधायक और विभाग के प्रधान सचिव समेत अन्य अधिकारी तथा सदस्य शामिल हुए.
राज्य में वैश्विक महामारी कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण एवं प्रादुर्भाव के मद्देनजर आकस्मिकता की स्थिति से निपटने के लिए रिम्स के रेडियोलॉजी इकाई, ट्रॉमा सेंटर के लिए 256 स्लाईस सी0टी0 स्कैन मशीन का क्रय की स्वीकृति दी गई. साथ ही कोविड संक्रमण की जांच बढ़ाने के लिए 03 अतिरिक्त आर0टी0पी0सी0आर0 मशीन क्रय की स्वीकृति दी गई. वहीं माईक्रोवायोलॉजी विभाग के लिए 04 साईंटिस्ट एवं 08 लैब टेक्नीशियन के पद सृजन की स्वीकृति प्रदान की गई. कार्य की अकास्मिकता को देखते हुए अनुबंध के आधार पर नियुक्त कर कार्य लेने की स्वीकृति दी गई.
कार्डियोलॉजी विभाग के कैथलैब बाई प्लेन कैथ लैब तथा सिंगल प्लेन कैथ लैब के अधिष्ठापन के लिए सफल निविदादाताओं के दर की रिसपांसिबिल्टी स्वीकृति करते हुए क्रय की स्वीकृति दी गई. इसी प्रकार कार्डियोलॉजी विभाग के लिए इको कार्डियोग्राफी और डुएल चैंबर पेसमेकर के सफल निविदादाता से क्रय की स्वीकृति दी गई.

