दिया वर-वधू को आशीर्वाद
चतरा: झारखंड के चतरा जिले में अवस्थित औद्योगिक नगरी टंडवा में भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री अर्जुन मुंडा की धर्मपत्नी मीरा मुंडा के आज शनिवार को अचानक पहुंचने से लोग हतप्रभ रह गए. वहीं टंडवा के आम्रपाली कोल परियोजना स्थित कुमडाग खुर्द गांव पहुंच कर उन्होंने लोगों को अचंभित कर दिया.
बताते हैं कि वह एक विवाह समारोह में शरीक होने पहुंची थी. दरअसल हुआ यह कि अर्जून मुंडा के घर में जो खाना बनाने वाला था यानी मीरा मुंडा के घर में कुक का जो काम करता है, उसकी बहन की शादी में केंद्रीय मंत्री की धर्मपत्नी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने आई थी.
इधर, उनके आगमन पर चतरा जिले के सिमरिया विधायक किसुन कुमार दास ने मीरा मुंडा को बुके देकर स्वागत कर शिष्टाचार मुलाकात की. बताया गया कि उनके कुक आदित्य साव की बहन की शादी का समारोह आयोजित था.
इधर मीरा मुंडा ने वधू को आशीष देते हुए उनके परिजनो से भी मुलाकात की. बताते हैं कि शादी समारोह में शरीक होने के बाद केंद्रीय मंत्री की पत्नी मीरा मुंडा ने सिमरिया विधायक किसुन दास के घर जाकर चाय का लुफ्त भी उठाया.

