नई दिल्ली:- भारत के दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर के बेटे अर्जुन तेंडुलकर को मुंबई इंडियंस टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2021 सत्र के लिए ऑक्शन में खरीदा है. युवा ऑलराउंडर पर टीम ने 20 लाख रुपये की बोली लगाकर टीम से जोड़ा. अर्जुन ने अपना बेस प्राइस 20 लाख रुपये रखा था. 21 वर्षीय अर्जुन पहली बार नीलामी में शामिल हुए.उल्लेखनीय है कि नीलामी से पहले सोशल मीडिया पर फैंस लगातार इस बात की कयास लगा रहे थे कि अर्जुन को मुंबई टीम अपने से जोड़ेगी. इसी टीम से उनके पिता और महान क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर भी खेल चुके हैं. सचिन फिलहाल इस टीम के मेंटॉर भी हैं. अर्जुन इसी टीम के कैंप भी शामिल रह चुके हैं और दुबई में खेले गए पिछले सीजन के दौरान टीम के साथ जुड़े भी थे.
ऑलराउंडर रोल
अर्जुन का टीम में रोल ऑलराउंडर का होगा. 6 फीट से अधिक लंबा यह खिलाड़ी न केवल बड़े-बड़े शॉट खेलने में माहिर है, बल्कि अपनी तेज गेंदबाजी से टीम के लिए वैरायटी का काम करेंगे.ब्रैंड वैल्यू
उन्होंने हाल में सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रोफी के जरिए सीनियर स्तर पर डेब्यू किया था. अर्जुन तेंडुलकर की सबसे बड़ी ब्रैंड वैल्यू है उनका सचिन का बेटा होना. सचिन का नाम जुड़ने से उनकी ब्रैंड वैल्यू बढ़ जाती है. सचिन की दुनियाभर में फैन फॉलोइंग है. उनसे जुड़ने से टीम की ब्रैंड वैल्यू अपने आप ही बढ़ जाती है.
ऑक्शन से ठीक पहले दिखाई थी ताकत
अर्जुन ने हाल में 73वें पुलिस आमंत्रण शील्ड क्रिकेट टूर्नमेंट के ग्रुप ए के दूसरे दौर के मैच में 31 गेंद में नाबाद 77 रन की पारी खेली और 41 रन देकर तीन विकेट झटके. उनकी इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत एमआईजी क्रिकेट क्लब ने इस्लाम जिमखाना को 194 रन से करारी शिकस्त दी. इक्कीस वर्षीय अर्जुन ने अपनी शानदार पारी के दौरान पांच चौके और आठ छक्के लगाए. उन्होंने ऑफ स्पिनर हाशिर दाफेदार के एक ही ओवर में पांच छक्के जड़ दिए.

