ज्यादा से ज्यादा संख्या में जिले के युवा हो रैली में शामिल
बोकारो :- सूबे की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आगामी 30 मार्च तक सीधी आर्मी भर्ती रैली आयोजित की जा रही है. इस रैली का आयोजन पिछले कई दिनों से जारी है. जिले के ज्यादा से ज्यादा युवा इस आर्मी भर्ती रैली में शामिल हों इसके लिए शुक्रवार को उपायुक्त श्री राजेश सिंह ने युवाओं से अपील की है. उन्होंने अभिभावकों से भी युवाओं को प्रेरित करने को कहा है. साथ ही कहा कि यह वैसे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है, जो सेना में जाकर देश सेवा करना चाहते है. दूरस्थ व ग्रामीण इलाकों में रहने वाले युवा इस रैली के माध्यम से न सिर्फ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सकते है बल्कि उन्हें सेना में शामिल होने का मौका मिलने से वे समाज को एक नई दिशा दे सकते है.
रैली में शैक्षणिक व अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ युवाओं को कोविड-19 बीमारी मुक्त प्रमाण पत्र भी अपने साथ ले जाना होगा. इस बाबत सरकार के अवर सचिव ने सभी उपायुक्तों/वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है. युवाओं को रैली में शामिल होने से पूर्व कोविड दृ 19 बीमारी मुक्त प्रमाण पत्र जिले के सरकारी अस्पताल से प्राप्त करना होगा.

