रीवा: आयुर्वेद कालेज की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयुर्वेद कालेज सभागार में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता करते हुए रीवा संभाग के कमिश्नर राजेश कुमार जैन ने कहा कि आयुर्वेद देश की प्राचीनतम चिकित्सा प्रणाली है. इसके द्वारा सभी रोगों का कारगर उपचार किया जा सकता है. आयुर्वेद पद्धति से उपचार का लाभ अधिकतम रोगियों तक पहुंचाने का प्रयास करें. आयुर्वेद कालेज की ओपीडी तथा पंचकर्म चिकित्सा का लाभ उठाने के लिए रोगियों को प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि जिले के सभी कोविड सेंटर में भर्ती कोरोना पीड़ितों तथा संजय गांधी हॉस्पिटल एवं मेडिकल कालेज में उपचार करा रहे कोरोना से संक्रमित व्यक्तियों को नियमित रूप से त्रिकुट काढ़ा देने की व्यवस्था करें.
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि आयुर्वेद में मालिश से उपचार अत्यंत कारगर होता है. सभी पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कम पोषित शिशुओं को नियमित मालिश की सुविधा देने की व्यवस्था करें. इसके लिये प्रशिक्षित व्यक्ति तथा तेल आदि की व्यवस्थायें तत्काल करें. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से समन्वय बनाकर तत्काल पोषण पुनर्वास केन्द्र में मालिश की सुविधा शुरू करायें. बैठक में कमिश्नर ने कहा कि आयुर्वेद कालेज में डेंटल यूनिट में बहुत कम रोगी आते हैं. रोगियों की संख्या बढ़ने पर ही आवश्यक उपकरणों की खरीद करें. कालेज में कैंटीन के संचालन के लिए भोजन तैयार करने वाले व्यक्तियों अथवा संस्थाओं को निविदा के आधार पर कार्य सौंपें. बैठक में कालेज की सुरक्षा व्यवस्था, सफाई कार्य, हर्बल गार्डेन निर्माण, बाउन्ड्रीवॉल निर्माण तथा अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई. बैठक में दवाओं की खरीद तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच निर्माण को स्वीकृति दी गई. बैठक में कमिश्नर ने अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण को मानस भवन के सामने ओपीडी क्लीनिक बनाने के लिये निर्माण कार्यों का स्टीमेट सात दिवस में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये. बैठक में डीन डॉ. कुलश्रेष्ठ ने कमिश्नर श्री जैन, कलेक्टर एवं समिति के सदस्यों को गिलोय के पौधे भेंट किये.
बैठक में कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि सभी कोविड सेंटर तथा मेडिकल कालेज में भर्ती कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को नियमित रूप से काढ़ा देने की व्यवस्था करें. आयुर्वेद कालेज की ओपीडी का नियमित संचालन करके रोगियों का उपचार करें. बैठक में आयुर्वेद कालेज के अधिष्ठाता डॉ. दीपक कुलश्रेष्ठ ने कालेज के आय, व्यय तथा प्रमुख गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की. बैठक में अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण जीआर गुजरे, डॉ. निधि मिश्रा तथा कार्यकारिणी समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे.

