अबतक राज्यभर में 66 पुलिस पदाधिकारी-कर्मी कोरोना संक्रमित
रांची: रांची पुलिस की ओर से रविवार को गिरफ्तार पांच अपराधियों को जेल भेजने के पहले कोरोना जांच करायी गयी, इसमें से एक अपराधी कोरोना पॉजिटिव मिला है.
जिसके बाद उसे पुलिस हिरासत में रिम्स के कोविड वार्ड भेज दिया गया है.
वहीं उस अपराधी को पकड़ने में जितने भी पुलिसकर्मी आये है, उनसभी का कोरोना टेस्ट होगा.
यह भी जानकारी मिली है कि पांच अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद एसएसपी ने प्रेस कांफ्रेंस किया था, वहीं मौके पर कई क्राइम रिपोर्ट भी मौजूद थे.
बताया गया है कि कोरोना महामारी की इस आपदा में झारखंड पुलिस जोखिम के साथ काम करते हुए न सिर्फ कोरोना से बचाव को लेकर आम लोगों को जागरूक कर रही है,बल्कि विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन भी कर रही है. इस दौरान अपराधियों के अलावा कोरोना पॉजिटिव लोगों के साथ भी संपर्क में आने की आशंका बनी रहती है. विभिन्न जिलों के कई पुलिसकर्मी के भी लगातार कोरोना पॉजिटिव होने की खबर है. राज्य में अब तक 66 पुलिस कर्मी और पदाधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाये गये है. इनमें पुलिस उपाधीक्षक स्तर के एक पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक स्तर के 1 पदाधिकारी, पुलिस अवर निरीक्षक स्तर के 5 पदाधिकारी, सहायक अवर निरीक्षक स्तर के 9 पदाधिकारी, 6 हवलदार, 32 आरक्षी-चालक, 1 चतुवर्गीय कर्मचारी और सात गृहरक्षक शामिल है
वहीं चार पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी स्वस्थ होकर घर लौट चुके है.
सरकार ने अपने स्तर से राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को इससे बचाव और निजी अभिरक्षा उपकरण की खरीद के लिए 33 लाख रुपये आवंटित किये है
पुलिस मुख्यालय स्तर से राज्य के सभी पुलिस पदाधिकारियों-कर्मियों को विधि व्यवस्था को लेकर ड्यूटी करते हुए तथा कोरोना से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये है.
इसके तहत सभी पुलिसकर्मियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क पहनकर ड्यूटी करने, सैनिटाइजर का उपयोग करने, हैंड ग्लब्स पहनने, सर्जिकल कैप लगाने, समय–समय पर कार्यालय व आवासीय स्तर तथा वाहनों को सैनिटाइज करने का आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है.
इसके अलावा अनावश्यक रूप से चेहरा छूने से बचने की भी सलाह दी गयी है.

