सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी का विरोध किया, तुपुदाना थाना का घेराव भी
30 जुलाई को शराब पीने के दौरान बहस हुई तो पत्थर से मारा, फिर खदान में फेंका दिया था एएसआई को
रांची : रांची पुलिस ने तुपुदाना ओपी के एएसआई कामेश्वर रविदास हत्या मामले में पांच लाेगों को गिरफ्तार किया है. सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए तुपुदाना थाना का घेराव किया. उन्होंने आरोपियों को छोड़ने की मांग की. तुपुदाना थाने की पुलिस ने लोगों को काफी समझाया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हैं. ग्रामीणों के अनुसार पांचों आरोपी निर्दोष हैं.
बताते चलें कि गिरफ्तार अभियुक्तों में अजीत तिर्की, सावन उरांव, स्टीफन, जगतपाल और भोला शामिल है. कामेश्वर की हत्या 30 जुलाई की रात करीब 7 से 8 बजे के बीच की गई थी. तुपुदाना पुलिस ने सबसे पहले एक अभियुक्त अजीत तिर्की को गिरफ्तार किया. उसके घर से खून लगा कपड़ा भी बरामद किया है. अभियुक्त अजीत घटना के दिन वही कपड़ा पहन रखा था. पुलिस की पूछताछ में उसने सारी बात सामने रख दी.
पुलिस के अनुसार, कामेश्वर रविदास घटना वाले दिन छह-सात लोगों के साथ महुआ टोली स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में बैठकर खा-पी रहे था. एक घर से मुर्गा बनकर आया था. उसी दौरान किसी बात को लेकर बहस हुई और कामेश्वर रविदास ने गाली देना शुरू कर दिया. इसी बात को लेकर उसने पत्थर उठाया और कामेश्वर पर चला दिया. पत्थर कामेश्वर के सिर में लगा और वह वहीं पर गिर पड़ा. इनलोगों को लगा कि वह मर गया. डर से सभी ने कामेश्वर को उठाया और उसे पुगड़ू पत्थर खदान के पास ले गए और 45 फीट ऊंचाई से नीचे फेंक दिया.
अपने इलाके में दबंग प्रवृत्ति का था कामेश्वर रविदास
एएसआई कामेश्वर रविदास तुपुदाना ओपी क्षेत्र में लंबे समय से पदस्थापित था. पहले वह टाइगर मोबाइल में था, इसलिए उसे क्षेत्र के एक-एक इलाके से परिचित था. वह अपने इलाके में इतना दबंग हो गया था कि उससे वहां के स्थानीय लोग डरते थे. उसका दिन रात का अड्डा भी बेरमाद में ही रहता था. बेरमाद महुआ टोली के स्थानीय लोगों के साथ खाना-पीना और उठना-बैठना वह करता था। स्थानीय लोगों का शुरू से ही कहना है कि उसकी दबंगई के कारण ही उसे कुछ लोगों ने मिलकर मारा होगा. घटना वाले दिन भी वह अपने करीबी रमेश के घर से पीकर निकला था और यह भी बताया था कि वह पास में ही जा रहा है, जहां मुर्गा बना है. खाने-पीने के दौरान ही गुरुवार की रात उसकी हत्या हो गई.

