रांची: प्रदेश भारतीय जनता पार्टी कोरोना संकट के बीच लॉक डाउन में लगातार गरीबों, जरूरत मंदों, प्रवासी मजदूरों की सेवा में लगी है. प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकर्ता मोदी आहार, मोदी राशन, मास्क, सैनिटाइजर, हैंडवाश साबुन को गरीबों, जरूरत मंदों तक पहुंचाने में जी जान से जुटे हैं.
वहीं दूसरी ओर प्रदेश के बाहर विभिन्न राज्यों में फंसे मजदूरों की चिंता भी लगातार प्रदेश नेतृत्व द्वारा की जा रही है. इसी क्रम में नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की पहल पर प्रवासी मजदूरों तक राशन एवं सहायता पहुंचाई गई है.
मरांडी ने कर्नाटक में 211, राजस्थान में 70, गुजरात में 2237, तेलंगाना में 599, आंध्रप्रदेश में 158 , केरल में38, छत्तीसगढ़ में 338, हरियाणा में 166, उड़ीसा में 35 इस प्रकार कुल 3852 लोगों की सूची केंद्रीय पार्टी नेतृत्व को उपलब्ध कराई थी.
मरांडी ने काफी परिश्रम से विभिन्न प्रदेशों और विभिन्न समूहों में रहने वाले मजदूर समूहों का संपर्क नंबर प्राप्त कर उनके निवास स्थान की जानकारी प्राप्त की. इसी का परिणाम है कि प्रदेश के लगभग 4 हजार प्रवासी मजदूरों तक संकट के दौर में सहायता पहुंची.
केंद्रीय स्तर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद ओपी माथुर ने विभिन्न प्रदेशों में प्रवासी मजदूरों से संबंधित कार्यकर्ताओं से समन्वय और आवश्यक निर्देश के साथ सहायता पहुंचाने में अपनी महती भूमिका निभाई. माथुर विधानसभा चुनाव के प्रभारी भी रहे हैं जिन्होंने झारखंड की समस्याओं को बहुत नजदीक से जाना और समझा है.
इसकी जानकारी प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने दी.

