खरमास के बाद रांची नगर निगम के नए भवन का विधि-विधान व पूजा-अर्चना कर प्रवेश होगा:मेयर
रांची:- शुक्रवार को अटल स्मृति वेंडर मार्केट में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई गई. कार्यक्रम का आयोजन फुटपाथ दुकानदार संघ की ओर से किया गया था. इस अवसर पर मेयर आशा लकड़ा, राँची के विधायक सीपी सिंह, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय व वार्ड पार्षद सुनील कुमार यादव समेत कई भाजपा नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.
इस दौरान मीडिया द्वारा 29 दिसंबर को रांची नगर निगम के नए भवन का उद्घाटन करने की बात पर मेयर ने कहा कि फिलहाल इस संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है. राज्य सरकार या नगर विकास विभाग की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है. फिलहाल खरमास चल रहा है. हिन्दू परंपरा के अनुसार खरमास में किसी प्रकार का शुभ कार्य नहीं किया जाता है. रांची नगर निगम के नए भवन में खरमास के बाद ही विधि-विधान व पूजा-अर्चना कर प्रवेश होगा. सभी पार्षदों की भी यही राय है. मेयर ने यह भी कहा कि रांची नगर निगम के नए भवन में कुछ कार्य शेष हैं, जिसे पूरा करने का निर्देश दिया गया है. रांची नगर निगम का नया भवन रघुवर सरकार की देन है.

