रांचीः बिरसा जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पर हरमू स्थित प्रदेश कार्यालय में भगवान बिरसा मुंडा एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश तथा अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किया. दीपक प्रकाश ने कहा कि साहस और पराक्रम की स्याही से पुरुषार्थ के पृष्ठों पर शौर्य का इतिहास रचनेवाला एक महान स्वतंत्रता सेनानी जिन्होंने किसानों का शोषण करनेवाले जमींदारों के खिलाफ लड़ाइयां लड़ी एवं साथ ही अंग्रेजों, राजस्व-व्यवस्था और जल, जंगल और जमीन के लिए आवाज बुलंद की, ऐसे भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू (खूंटी जिला) में हुआ जिनके जीवनवृत ने झारखंड की भूमि को एक नई पहचान दी. उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में वह स्वतंत्रता सेनानी के साथ-साथ सामाजिक नेतृत्वकर्ता बनकर उभरे और अंग्रेजों के साथ लड़ाई करने के साथ-साथ सामाजिक चेतनाएं भी जागृत की.
अटल बिहारी वाजपेयी छोटे राज्यों के पक्षधर थे
झारखंड निर्माण की पृष्ठभूमि लिखने वाले पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए प्रकाश ने कहा कि हरदिल अजीज नेता और तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी छोटे राज्यों के पक्षधर थे. अलग झारखंड राज्य का पांच दशक पुराना सपना साकार किया, यही कारण है कि झारखंड को अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों की धरती भी कहा जाता है.
11 सितंबर 1999 को रांची के बिरसा स्टेडियम में वाजपेयी ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि हमारी सरकार ही वनांचल (झारखंड) देगी, जब तक झारखंड नहीं बनेगा, न हम चैन से बैठेंगे और न बैठने देंगे. आप हमें सांसद दें, हम आपको झारखंड देंगे. तब वाजपेयी जी को झारखंड के लोगों से अपार जनसमर्थन मिला और केंद्र में भाजपा की सरकार बनी.
तत्पश्चात उन्होंने झारखंड राज्य बनाने के लिए जो वादा किया था, उसे पूरा कर दिखाया. अटल जी के सपनों की धरती झारखंड को पीएम मोदी ने पिछले पांच वर्षों में संवारने का काम किया है. कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार ने तेरहवें वित्त आयोग के माध्यम से झारखंड को सिर्फ 55200 करोड़ रुपये दिये थे जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन काल में चौदहवें वित्त आयोग ने राज्य को पांच वर्षों में ढाई गुना से अधिक एक लाख 45 हजार 345 करोड़ रुपये दिये. यही कारण है कि मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड राज्य का निर्माण किया था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे सजाया और संवारा है.

