दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिनों हिमाचल प्रदेश में दुनिया की सबसे लंबी राजमार्ग सुरंग अटल रोहतांग सुरंग का उद्घाटन किया. लेकिन 72 घंटे बाद ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और जिला अधिकारियों को नई चिंताओं का सामना करना पड़ रहा है. सैकड़ों पर्यटक और मोटर चालक नई खुली सुरंग में ओवर-स्पीडिंग और रेसिंग कर रहे हैं, जिसकी वजह से तीन दुर्घटनाएं हो चुकी हैं.
अटल सुरंग, बीआरओ के मुख्य अभियंता, ब्रिगेडियर केपी पुरुषोत्तमन ने कहा, “प्रधानमंत्री द्वारा 3 अक्टूबर को सुरंग का उद्घाटन किए जाने के बाद एक ही दिन में तीन दुर्घटनाएं हुईं है. सुरंग के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में ये दुर्घटनाएं रिकॉर्ड है. यातायात नियमों की पूरी तरह से अवहेलना करते हुए, पर्यटकों और मोटर चालकों ने वाहन चलाते हुए सेल्फी क्लिक की है.” उन्होंने कहा, किसी को भी सुरंग के बीच में अपने वाहन को कहीं भी ले जाने की अनुमति नहीं है.
पुरुषोत्तम का दावा है कि उन्होंने सुरंग में पुलिस की तैनाती की अपील की थी. उन्होंने कहा, “उद्घाटन समारोह समाप्त हो जाने के बाद, ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती कम हो गई है, जिसके बाद पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के पर्यटकों द्वारा पूरी तरह से अराजकता और तोड़फोड़ की गई है.”
कुल्लू के एसपी गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने लापरवाह ड्राइविंग और सुरंग में अधिक गति पर अंकुश लगाने के लिए कदम उठाए हैं. उन्होंने कहा, “हमने सुरंग के अंदर डॉपलर रडार स्थापित किए हैं, जो ओवर-स्पीडिंग का पता लगाएगा. निर्धारित 40 किमी से 80 किमी गति सीमा का उल्लंघन करने वालों को चालान जारी किया जाएगा.”

