रांची: रांची जिला प्रशासन द्वारा घर-घर राशन की डिलीवरी हेतु सिविल वॉलंटियर्स भी लगाए गए हैं. इसके साथ ही फ्री राशन डिलीवरी एवं मुख्यमंत्री राशन किट का वितरण भी किया जा रहा है. बच्चों के लिए दूध की कोई कमी न हो इसके लिए मिल्क ऑन व्हील्स की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है. यह वैन गली गली जा कर लोगों के दरवाजे पर दूध की डिलीवरी करता है.
इसके अतिरिक्त आमजनों की नकदी न हो इसके लिए विभिन्न बैंक संकायों की मदद से एटीएम ऑन व्हील की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है. इसके साथ ही एटीएम से पैसे निकालने वालों को सोशल डिस्टैनसिंग का अनुपालन सनिश्चित करने के बारे में भी बताया जा रहा है.
हिंदपीढ़ी में एटीएम ऑन व्हील एवं मिल्क ऑन व्हील की सुविधा से मुश्किलें हुई आसान
वैश्विक महामारी कोविड-19 के संभाव्य प्रसार को रोकने एवं आमजनों को आवश्यक सुविधा मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन रांची द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है. खास कर हिंदपीढ़ी कंटेन्मेंट जोन में आमजनों को सभी आवश्यक सुविधायें मुहैया करवाने हेतु एटीएम ऑन व्हील एवं मिल्क ऑन व्हील की सुविधा मुहैया करवाई जा रही है.
रांची जिला के हिंदपीढ़ी क्षेत्र से सर्वाधिक कोरोना मरीजों की पुष्टि होने के बाद उक्त क्षेत्र को रांची जिला प्रशासन द्वारा कंटेन्मेंट जोन घोषित किया गया था. जिसके पश्चात उस क्षेत्र विशेष में किसी भी गैर आधिकारिक व्यक्ति का प्रवेश वर्जित कर दिया गया, इसके अलावा उस क्षेत्र के लोगों के बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई. जिससे कि कोरोना के प्रसार को शहर के दूसरे हिस्सों में जाने से रोका जा सके. इसके साथ ही हिंदपीढ़ी कंटेन्मेंट जोन में रहने वाले लोगों की सुविधा का भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है.

