महाराष्ट्र: नागपुर जिले के पटनसंगी गांव में एक सरकारी बैंक के एटीएम (मशीन) को ही लुटेरों ने चुरा लिया.
एटीएम में 2.83 लाख रुपये थे. पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि घटना इंडियन ओवरसीज बैंक के कियोस्क में शुक्रवार की देर हुई.
पुलिस इंस्पेक्टर अनिल जितवार ने बताया कि लुटेरों ने सबसे पहले बैंक सर्वर से एटीएम का संपर्क तोड़ा और फिर मशीन को ले गए.
एटीएम में 2,83,600 रुपये की नकदी थी. घटना को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने एक वाहन का इस्तेमाल किया, जिसे उन्होंने सोमवार को नागपुर के पास काटोल से चुराया था.
उन्होंने कहा कि लुटेरे एटीएम कक्ष में लगे एक डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) और सीसीटीवी कैमरे को भी निकाल ले गए.
सौनेर पुलिस स्टेशन ने इस सिलसिले में एक मामला दर्ज किया है.
पुलिस को शक है कि इसी गिरोह ने मंगलवार रात नागपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर बड़ागांव कस्बे के एक एटीएम को चुराने का असफल प्रयास किया था.
जितवार ने बताया कि 14 अक्टूबर को काटोल शहर से लुटेरों ने 16 लाख रुपये सहित एटीएम को चुराया था. हमें संदेह है कि हरियाणा के मेवात का एक गिरोह इन अपराधों में शामिल है.

